सभापति जगदीप धनखड़.
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता ने आज उपराष्ट्रपति भवन में भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार भेंट की. इस मुलाकात के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी की विधायी कार्यप्रणाली को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी.
श्री गुप्ता ने उपराष्ट्रपति को “दिल्ली विधानसभा का 100 दिनों के कार्यकाल पर विरासत से विकास की ओर” शीर्षक वाली एक विशेष पुस्तिका भी भेंट की. इसमें दिल्ली विधानसभा के संचालन को पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए चल रही पहलों का विवरण दिया गया है.
उन्होंने बताया कि नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन (NeVA) के अंतर्गत विधानसभा को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिससे सदस्यों के बीच रीयल-टाइम संचार संभव होगा और कार्यप्रणाली अधिक कुशल और पारदर्शी बनेगी.
इसके साथ ही, विधानसभा परिसर को पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित करने की योजना के बारे में भी जानकारी दी गई. 500 किलोवॉट की सोलर पावर परियोजना के जरिए विधानसभा परिसर अब नवीकरणीय ऊर्जा पर कार्य करेगा, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम है.
अध्यक्ष ने दिल्ली विधानसभा को विरासत परिसर के रूप में विकसित करने की योजना का भी जिक्र किया, जिसका उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर को संजोते हुए इसे नागरिक सहभागिता और लोकतांत्रिक जागरूकता का केंद्र बनाना है.
माननीय उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने दिल्ली विधानसभा के इन प्रयासों की सराहना की और लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रकट कीं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में कांवड़ यात्रा मार्ग पर बिखेरे गए कांच के टुकड़े, उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने दिए जांच के आदेश
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



