भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली इकाई का नया मुख्यालय दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर उद्घाटन के लिए तैयार है. पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भवन का उद्घाटन करेंगे.
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली इकाई पिछले 35 वर्षों से पंत मार्ग स्थित अपने कार्यालय से कार्यरत थी. उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्यालय निर्माण पूरा होने पर बधाई दी और याद दिलाया कि 9 जून, 2023 को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस कार्यालय के लिए भूमि पूजन किया था.
भाजपा की विचारधारा को बढ़ावा
भाजपा कार्यालयों के सफर को याद करते हुए सचदेवा ने कहा, पार्टी की स्थापना के बाद पहला कार्यालय अजमेरी गेट पर खोला गया था. इसके बाद कुछ समय के लिए इसे रकाबगंज रोड पर स्थानांतरित किया गया और लगभग 35 वर्षों तक 14 पंडित पंत मार्ग से संचालित होता रहा. यह यात्रा चुनौतियों से भरी रही, फिर भी उल्लेखनीय रही है. सचदेवा ने नए कार्यालय को दिल्ली भाजपा के लिए ऐतिहासिक कदम बताया और इसे पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसे भाजपा की विचारधारा और दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत को बढ़ावा देने के लिए डिज़ाइन किया गया है.
पार्टी की गतिविधियों को मिलेगी मजबूती
उन्होंने यह भी बताया कि नया मुख्यालय दिल्ली में पार्टी की गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाएगा. भवन में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को सुगम बनाने के लिए सभी जरूरी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है. इसके साथ ही कार्यालय में पार्टी की विचारधारा और राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
भाजपा के दिल्ली कार्यालय के उद्घाटन से ना सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि यह भवन पार्टी की मजबूत पकड़ और संगठनात्मक क्षमता का प्रतीक भी बनेगा. सचदेवा ने कार्यकर्ताओं से अपील किया कि वे इस नए कार्यालय को पार्टी के विकास और जनकल्याण के लिए सक्रिय रूप से उपयोग करें. भाजपा का यह कदम राजधानी दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मजबूती और संगठनात्मक विस्तार को दर्शाता है. नए मुख्यालय का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी करेंगे, जिससे पार्टी की गतिविधियों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: जब नेता फ्रंट फुट पर खेले, तो खिलाड़ी…पीएम मोदी के पोस्ट पर क्या बोल गए सूर्यकुमार यादव?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

