Delhi News: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं. प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग अब भी अंदर फंसे हो सकते हैं.
आग लगते ही मचा हड़कंप
करीब 9 बजे आग लगते ही होटल और रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे. स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को खबर दी. हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर यूनिट्स को भी मौके पर बुलाया गया.
घायलों का इलाज जारी
दिल्ली पुलिस ने बताया कि अब तक 11 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही घायलों की स्थिति पर साफ जानकारी दी जा सकेगी.
दमकल विभाग की बड़ी कार्रवाई
दमकल विभाग ने बताया कि आग बुझाने के लिए 10 फायर टेंडर मौके पर तैनात किए गए. भारी धुएं और लपटों के बीच दमकलकर्मी लगातार फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश करते रहे. कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया गया. अब तक 37 लोगों को बाहर निकाला गया है, लेकिन तलाशी और रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है.
इलाके में अफरा-तफरी
हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और राहत कार्यों की जानकारी लेने लगे. पुलिस ने सुरक्षा के लिए आसपास का इलाका घेर लिया ताकि बचाव अभियान में कोई रुकावट न आए.
ये भी पढ़ें-AC बेडरूम, शराब और गर्भनिरोधक; कोलकाता कॉलेज या ‘अय्याशी’ का अड्डा?
जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है. फोरेंसिक और तकनीकी टीमों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है. प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
