AI जनरेटेड फोटो
Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली की महिलाओं से विधानसभा चुनाव के दौरान किया गया सबसे बड़ा वादा अब हकीकत बनने जा रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को मंजूरी मिल गई है. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में भेजे जाएंगे.
मुख्यमंत्री का क्या कहना है?
कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज का दिन बेहद खास है. उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से योजना का ऑनलाइन पोर्टल शुरू होगा, जहां महिलाएं आवेदन कर सकेंगी. सरकार का लक्ष्य है कि रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के खातों में पहली किस्त पहुंच जाए.
चुनावी वादे से सरकारी योजना तक
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा किया था. सरकार बनने के बाद इस योजना के लिए बजट में प्रावधान किया गया और क्रियान्वयन के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाई गई. शुरुआत में इसे महिला समृद्धि योजना कहा गया था, लेकिन बाद में नाम बदलकर ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ कर दिया गया.
पात्रता के नियम
सरकार ने योजना के लिए पात्रता मानदंड पहले ही तय कर दिए हैं.
- महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच हो.
- परिवार की सालाना आय ₹2.5 लाख से अधिक न हो.
- महिला कम से कम 10 साल से दिल्ली की निवासी हो.
- एक परिवार से केवल एक महिला को लाभ मिलेगा.
- परिवार या लाभार्थी के खिलाफ गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड न हो.
कब शुरू होगा आवेदन प्रक्रिया?
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अगस्त से पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू होगा. आवेदन करने वाली महिलाओं के दस्तावेज़ों की जांच पूरी होने के बाद रक्षाबंधन से लाभ वितरण शुरू करने की तैयारी है.
ये भी पढ़ें-मेकेदातु बांध को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, केंद्र से दखल की मांग
महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कदम
दिल्ली सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. चुनावी वादा अब जमीन पर उतर रहा है और लाखों महिलाओं को हर महीने सीधी आर्थिक सहायता मिलेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

