मुकेश राणा/मंगोल पूरी दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है . पुलिस बूथ से महज 30 मीटर दूर स्थित एक पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई . घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं . जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 17 वर्षीय लालू के रूप में हुई है . बताया जा रहा है कि लालू 15 दिन पहले ही बिहार से अपने रिश्तेदार के घर दिल्ली आया था .
क्या है पूरा मामला?
दरअसल देर शाम लालू बाथरूम के लिए पास के पार्क में गया था . पार्क में अंधेरा था और वहां पहले से 3-4 नाबालिग लड़के मौजूद थे . आरोप है कि उन्होंने लालू से सिगरेट मांगी . जब लालू ने सिगरेट देने से इनकार किया तो सभी युवक भड़क गए और उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया . हमले में लालू गंभीर रूप से घायल हो गया . शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मंगोलपुरी के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया .
मृतक के रिश्तेदार ने क्या बताया?
मृतक नाबालिग के रिश्तेदार जिनके घर लालू घूमने आया था, उन्होंने उसकी मौत की पुष्टि की है . उन्होंने बताया कि लालू को यहां न तो किसी से कोई दोस्ती थी और न ही किसी से कोई दुश्मनी . वह बस अपने रिश्तेदार के घर आया था . परिजनों का कहना है कि एक सिगरेट की वजह से एक मासूम की जान चली गई .
पुलिस ने 3 नाबालिग आरोपियों को चंद घंटों में दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही मंगोलपुरी थाना पुलिस और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की . डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि वारदात में शामिल सभी 3 आरोपियों को घटना के चंद घंटों बाद ही पकड़ लिया गया . सभी आरोपी भी नाबालिग हैं . शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद और मामूली कहासुनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है . वारदात में इस्तेमाल ड्रैगन चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है . अब सारे पहलुओं से जांच की जा रही है .
लोग बोले- कानून का डर खत्म
सारे राह पुलिस बूथ से महज चंद कदमों की दूरी पर हुई इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है . लोग कह रहे हैं कि दिल्ली में क्राइम का ग्राफ लगातार क्यों बढ़ता जा रहा है . पुलिस बूथ के इतनी नजदीक होने के बावजूद हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं . साफ है कि अपराधियों को न कानून का डर है, न पुलिस का खौफ . अब बड़ा सवाल है कि क्या दिल्ली में किसी इंसान की जिंदगी की कीमत अब एक महज एक सिगरेट से भी कम हो गई है?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


