Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली के मंगोलपुरी में युवक की चाकू से हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

Crime News: दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बुधवार शाम 23 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. घटना N ब्लॉक पार्क में हुई और CCTV में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Crime News: दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. N ब्लॉक पार्क में 23 साल के युवक पर कुछ बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया. पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 4-5 हमलावरों ने युवक पर लगातार वार किए. घायल हालत में उसे तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान

पुलिस ने मृतक की पहचान आकाश उर्फ़ अक्कू (23) के रूप में की है. वह मंगोलपुरी के I ब्लॉक का रहने वाला था और अपने पिता के साथ कचौड़ी का ठेला लगाता था. परिवार का कहना है कि आकाश ही घर का इकलौता कमाने वाला था, जबकि पिता की तबीयत पहले से खराब रहती है.

चश्मदीद का क्या कहना है?

आकाश के दोस्त ने बताया कि वह उसके साथ पार्क में मौजूद था. तभी अचानक कुछ लड़के वहां आए और चाकू निकालकर हमला कर दिया. बचने की कोशिश में आकाश पास के एक घर में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने वहां भी उसे पकड़कर कई बार चाकू से वार किया. स्थानीय महिला कुसुम ने कहा कि उन्होंने आकाश को खून से लथपथ हालत में गिरते देखा. उनका कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं और लोग डर के माहौल में जी रहे हैं.

पुरानी रंजिश की आशंका

चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों की आकाश और उसके दोस्तों से पुरानी दुश्मनी थी. माना जा रहा है कि उसी विवाद के चलते यह हत्या हुई है.

ये भी पढ़ें-ICC की सख्ती, बांग्लादेश को 24 घंटे का समय, सरकार ने खिलाड़ियों की बुलाई मीटिंग

हत्या का मामला दर्ज

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. मंगोलपुरी थाना पुलिस और जिले की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं. इलाके के लोग पुलिस से नाराज हैं और आरोपियों के खिलाफ गुस्से में हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि जल्द से जल्द सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाए. हत्या की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest