Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली को मिला नया मेयर, बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वाही ने दर्ज की बड़ी जीत

Delhi mayor election: दिल्ली नगर निगम मेयर चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वाही ने 165 में से 156 वोट पाकर जीत हासिल की. कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद जरीफ को केवल 9 वोट मिले. आम आदमी पार्टी ने चुनाव से दूरी बनाई थी.

Delhi mayor election: दिल्ली नगर निगम के मेयर चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वाही ने शानदार जीत हासिल की. उन्होंने कुल 165 में से 156 वोट अपने नाम किए. कांग्रेस के उम्मीदवार मोहम्मद जरीफ को केवल 9 वोट मिले. इस बार आम आदमी पार्टी ने चुनाव से दूरी बनाई थी, जिसके चलते मुकाबला सीधे बीजेपी और कांग्रेस के बीच हुआ.

सदन में गूंजे नारे

प्रवेश वाही की जीत के बाद सदन में ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगे. तीन बार पार्षद रह चुके वाही ने कहा कि उनका लक्ष्य दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधाएं देना है. उन्होंने वादा किया कि शहर में फैले कूड़े के ढेर को हटाकर स्वच्छ दिल्ली बनाने की दिशा में काम करेंगे.

कौन हैं प्रवेश वाही?

प्रवेश वाही का राजनीतिक सफर विश्व हिंदू परिषद से शुरू हुआ था. बाद में वे भाजपा से जुड़े और मंडल अध्यक्ष तथा युवा मोर्चा में सक्रिय रहे. उन्होंने पहली बार 2007 में चुनाव जीता और फिर 2012 व 2022 में भी रोहिणी वार्ड से पार्षद बने. निगम में वे निर्माण समिति और जोन चेयरमैन की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं. 2016-17 में उत्तरी निगम की स्थायी समिति के चेयरमैन भी रहे. बताया जाता है कि मेयर पद के लिए बीजेपी हाईकमान की पहली पसंद वाही ही थे.

ये भी पढ़ें-केरल में किसकी बनेगी सरकार? एग्जिट पोल ने बढ़ाया सस्पेंस

आप की दूरी बनी वजह

बीजेपी की जीत पहले से तय मानी जा रही थी क्योंकि उनके पास पर्याप्त संख्याबल था. कांग्रेस के पास केवल 9 पार्षद थे. वहीं आम आदमी पार्टी के पास 105 वोट थे, लेकिन उन्होंने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया. आप के पार्षद सदन में मौजूद नहीं रहे और इसी वजह से बीजेपी को मेयर पद आसानी से मिल गया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read