Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

दिल्ली मेट्रो विस्तार परियोजना को लेकर पीएम मोदी बोले, जीवन आसान और भीड़ होगी कम

केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली मेट्रो के चरण 5(ए) परियोजना के तहत तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी दी है.

PM Modi

केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली मेट्रो के चरण 5(ए) परियोजना के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर बनाने को मंजूरी दे दी है. सरकार के इस फैसले से राजधानी का मेट्रो नेटवर्क बढ़ेगा, सफर सुगम होगा और भीड़भाड़ कम होगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मिला बड़ा बढ़ावा. दिल्ली मेट्रो के चरण 5 (ए) परियोजना के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर के लिए कैबिनेट की मंजूरी से हमारी राजधानी के मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा, जिससे ‘जीवन की सुगमता’ बढ़ेगी और भीड़भाड़ कम होगी.

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तीन नए दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जिनकी कुल लंबाई 16.076 किमी है. इस विस्तार का एक प्रमुख आकर्षण सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर है, जो सभी कर्तव्य भवनों को निर्बाध मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे कार्यालय जाने वालों और आगंतुकों को घर के दरवाजे तक पहुंच सुनिश्चित होगी. इससे लगभग 60,000 कार्यालय कर्मचारियों और 2 लाख दैनिक यात्रा करने वालों को लाभ होने की उम्मीद है.

ये कॉरिडोर आवागमन को काफी हद तक बढ़ाएंगे, यातायात की भीड़ और प्रदूषण को कम करेंगे, जीवाश्म ईंधन की खपत को घटाएंगे और राष्ट्रीय राजधानी में निवासियों और यात्रियों के लिए समग्र रूप से जीवन को आसान बनाएंगे.

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने मेट्रो के इस कॉरिडोर को कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर कहा कि ये प्रधानमंत्री मोदी का विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिल्ली सीएम ने लिखा कि इस विस्तार के साथ दिल्ली मेट्रो नेटवर्क 400 किलोमीटर के महत्वपूर्ण मील के पत्थर को पार करेगा, जो राष्ट्रीय राजधानी की शहरी कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा. यह महत्वपूर्ण निर्णय दिल्लीवासियों के लिए सुरक्षित, सुगम और तीव्र परिवहन सुनिश्चित करेगा तथा ‘ईज ऑफ लिविंग’ के संकल्प को सशक्त रूप से साकार करने में भी अहम भूमिका निभाएगा.

उन्होंने आगे लिखा, “13 नए अत्याधुनिक स्टेशनों वाला यह विस्तार सड़क यातायात पर बढ़ते दबाव को कम करने, यात्रियों के समय की बचत करने तथा पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण में कमी लाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा. ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करते हुए शहरी बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने हेतु किए जा रहे इस सतत सहयोग के लिए दिल्ली की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का हृदय से धन्यवाद एवं आभार.”

केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मंजूर तीन नए कॉरिडोर में आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (9.913 किमी), एयरोसिटी से आईजीडी एयरपोर्ट टर्मिनल–1 (2.263 किमी) और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज (3.9 किमी) शामिल हैं. कुल 16.076 किलोमीटर लंबाई वाले इस प्रोजेक्ट पर 12,014.91 करोड़ रुपए की लागत आएगी, जिसे भारत सरकार, दिल्ली सरकार और अंतरराष्ट्रीय फंडिंग एजेंसियों के सहयोग से पूरा किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: LVM3 से सबसे भारी पेलोड लॉन्च, पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों को दी बधाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital