Narela open drain accident
Narela open drain accident: राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके नरेला में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. नरेला सेक्टर A-5, पॉकेट-4 स्थित एक खुले नाले में गिरने से एक युवक की मौत हो गई. आरोप है कि युवक पूरी रात नाले में पड़ा रहा, लेकिन इलाके में स्ट्रीट लाइट की कमी और अंधेरे के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं लग सकी. शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया.सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया. मृतक की पहचान सूरज, निवासी नरेला सेक्टर A-5, पॉकेट-4 के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है.
अंधेरे और लापरवाही की वजह से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नाला लंबे समय से बिना ढके और असुरक्षित स्थिति में पड़ा हुआ है. आरोप है कि गुरुवार देर रात युवक वहां से गुजर रहा था, तभी अंधेरे और स्ट्रीट लाइट न होने के कारण उसे खुला नाला दिखाई नहीं दिया और वह उसमें गिर गया. पूरी रात वह नाले में फंसा रहा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी.
मृतक के परिजन ने प्रशासन पर लगाया आरोप
मृतक के परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. मृतक की भाभी रितु ने कहा कि अगर नाला ढका होता या यहां लाइट की व्यवस्था होती, तो आज हमारा परिवार उजड़ता नहीं. वहीं मृतक के भाई धीरू ने भी प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस खुले नाले को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन संबंधित विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया. लोगों का कहना है कि यह नाला पहले भी कई छोटे-बड़े हादसों की वजह बन चुका है, जिसमें बच्चे और मवेशी तक गिर चुके हैं. इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया.
यह भी पढ़ें: मलेरकोटला में नामी एडवोकेट के घर बड़ी चोरी, लाखों का सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार चोर
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना के बाद इलाके में गुस्सा और आक्रोश है. लोग प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए तुरंत कार्रवाई और खुले नाले को ढकने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी. वहीं यह घटना एक बार फिर शहरी बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



