Delhi NCR dust storm: दिल्ली और आसपास के शहरों में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली. नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत एनसीआर के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल रही हैं. पालम इलाके में तो हवा की रफ्तार करीब 92 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे सड़कों पर धुंध और धूल का गुबार छा गया.
विजिबिलिटी पर असर
धूलभरी आंधी के कारण गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर लोग सड़क पर चलने को मजबूर हो गए. करीब 3 बजे के आसपास तूफानी हवाओं और धूल के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे ड्राइवरों को गाड़ियों को नियंत्रित करने में परेशानी हुई.
मौसम विभाग का रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है. रेड अलर्ट का मतलब है कि मौसम बेहद खराब रहेगा और लोगों को सतर्क रहना चाहिए.
आसमान में बादलों का डेरा
दिल्ली-एनसीआर के आसमान में घने बादल छाए हुए हैं. कई जगहों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी देखने को मिली है. मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले कुछ घंटों में हालात और बिगड़ सकते हैं. कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट तो कुछ जगहों पर रेड अलर्ट जारी किया गया है.
तेज हवाओं और बारिश की संभावना
IMD ने बताया कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली और आसपास के जिलों में 70-80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. साथ ही हल्की बारिश और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है.
किन इलाकों में असर
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के बवाना, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, सफदरजंग, लोधी रोड, बुद्ध जयंती पार्क, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, आईटीओ, कालकाजी और तुगलकाबाद में आंधी-बारिश की संभावना है. वहीं, हरियाणा के रोहतक, खरखोदा और पलवल में भी मौसम बिगड़ सकता है.
तापमान में गिरावट
मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है. मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 15 जून को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
ये भी पढ़ें-‘कट्टरपंथी एक हो रहे हैं’, मौलाना कल्बे जव्वाद की ओवैसी को सख्त हिदायत; बोनस में दी UP जीत की टिप्स
बादलों का गुबार
रोहतक के ऊपर बना ताजा कन्वेक्टिव क्लाउडमास दक्षिण-पूर्व दिशा में बढ़ रहा है. इसके असर से दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

