Delhi NCR weather: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को गर्मी और ज्यादा महसूस की गई. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले हफ्ते में पारा 36 डिग्री तक पहुंच सकता है. अगले 6 से 7 दिनों तक मौसम शुष्क और गर्म ही रहने की संभावना है. सुबह 11 बजे से ही धूप चुभने लगती है और लोग असहज महसूस करते हैं. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री ज्यादा रहा. न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा, यह भी सामान्य से करीब 3.6 डिग्री अधिक है.
कैसा रहेगा आज का मौसम?
स्काईमेट वेदर के अनुसार, राजधानी में पिछले छह दिनों से तापमान लगातार 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है. रात का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है. तेज सतही हवाओं की वजह से दिन का तापमान अचानक नहीं बढ़ पा रहा था, लेकिन शनिवार से हवाओं की रफ्तार धीमी होने लगेगी. इससे गर्मी और ज्यादा महसूस होगी. वीकेंड पर इसका असर साफ दिखाई देगा.
बारिश की संभावना कम
इस समय पहाड़ी इलाकों में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, लेकिन इसका असर दिल्ली पर नहीं पड़ेगा. 9 मार्च को भी एक नया सिस्टम बनने की उम्मीद है, हालांकि यह भी कमजोर रहेगा. दिल्ली इन सिस्टम्स के बाहरी हिस्से में रहेगी, इसलिए बारिश की संभावना बहुत कम है. प्री-मॉनसून की शुरुआती गतिविधियां मार्च के दूसरे हिस्से में ही शुरू होने की संभावना है.
आने वाले दिनों का तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर जा सकता है. आमतौर पर मार्च के दूसरे हिस्से में पारा 38 डिग्री तक पहुंच जाता है और कई बार 40 डिग्री भी पार कर जाता है.
आज देशभर का तापमान
- दिल्ली: अधिकतम 35°C, न्यूनतम 17°C
- मुंबई: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 23°C
- कोलकाता: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 22°C
- चेन्नई: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 25°C
- लखनऊ: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 19°C
- पटना: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 25°C
- रांची: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 18°C
- भोपाल: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 17°C
- जयपुर: अधिकतम 38°C, न्यूनतम 20°C
- शिमला: अधिकतम 24°C, न्यूनतम 15°C
- नैनीताल: अधिकतम 26°C, न्यूनतम 11°C
लू का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में तापमान 37 से 40 डिग्री तक दर्ज किया गया है. ओडिशा के झारसुगुड़ा में सबसे ज्यादा 39 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. वहीं, मौसम विभाग ने गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्म लू चलने की चेतावनी दी है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ रहा है. आज मौसम साफ रहेगा. पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में गर्मी ज्यादा महसूस होगी. किसानों को सलाह दी गई है कि गेहूं, सरसों, चना और आलू की फसलों में सुबह या शाम हल्की सिंचाई करें ताकि बढ़ते तापमान का असर कम हो सके.
ये भी पढ़ें-भारत में मिडिल ईस्ट जंग का असर, एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़े, नई कीमतें लागू
बिहार और झारखंड में हल्की बारिश
बिहार में 9 से 11 मार्च के बीच कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है. झारखंड में भी 7 से 10 मार्च के बीच बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की उम्मीद है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

