Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली NCR में ‘आसमान से बरस रही आग’! आज भीषण लू का येलो अलर्ट, जानें कब मिलेगी गर्मी से राहत?

India Meteorological Department ने दिल्ली-एनसीआर में 43°C तापमान के साथ हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. 27-29 अप्रैल के बीच बारिश और आंधी से गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना जताई गई है…

Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में सूरज के कड़े तेवर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं. आज यानी शनिवार को नोएडा और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिसके चलते मौसम विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट जारी किया है.

दोपहर के वक्त चल रही गर्म हवाओं (Heat Wave) ने सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिया है और पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार जा पहुँचा है. हालांकि, झुलसाने वाली इस गर्मी के बीच एक अच्छी खबर भी सामने आई है. अगले 24 घंटों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है और जल्द ही बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी शुरू हो सकती है.

आज ‘हीट वेव’ का टॉर्चर, 43 डिग्री पर पहुंचा पारा

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आज 25 अप्रैल को नोएडा और दिल्ली में लू का सबसे घातक असर देखने को मिल रहा है. सुबह से ही तेज धूप के साथ चल रही गर्म हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुहाल कर दिया है.

आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हवा में नमी का स्तर भी शाम तक गिरकर 20 प्रतिशत रह जाएगा, जिससे त्वचा झुलसाने वाली ‘ड्राई हीट’ का अहसास होगा. विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बेवजह घर से बाहर न निकलें.

दिल्ली में कब मिलेगी गर्मी से राहत?(Delhi NCR Weather Update)

तपते एनसीआर के लिए राहत की शुरुआत कल यानी 26 अप्रैल से होगी. मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. हालांकि तापमान 43 डिग्री के आसपास ही रहेगा, लेकिन बादलों की वजह से धूप की तीव्रता में कमी आएगी और तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत महसूस होगी. यह बदलाव एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण हो रहा है, जिसका असर अगले तीन-चार दिनों तक बना रहेगा.

27 से 29 अप्रैल के बीच बारिश और गरज-चमक

असली राहत सोमवार यानी 27 अप्रैल से मिलनी शुरू होगी.

27 अप्रैल: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है.

28 और 29 अप्रैल: इन दो दिनों में मौसम का सबसे ज्यादा असर दिखेगा. तेज गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है, जिससे तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी.

यह भी पढ़ें: मेलोनी ने पहना ‘इंडियन झुमका’, ट्रंप की हो गई बोलती बंद!..जानें इटली PM की पोस्ट का क्या है व्हाइट हाउस कनेक्शन

30 अप्रैल तक जारी रहेगा बादलों का डेरा

महीने के आखिरी दिन यानी 30 अप्रैल को भी मौसम सुहाना बना रहने की उम्मीद है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बारिश या गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान लुढ़ककर 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक पहुँच सकता है.

कुल मिलाकर, अगले कुछ दिन गर्मी से जूझने के बाद एनसीआर के लोगों के लिए अप्रैल का अंत ‘कूल-कूल’ होने वाला है. मौसम विभाग ने बारिश के दौरान धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका जताई है, इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read