Bharat Express DD Free Dish

5 मई को बारिश, 9-10 मई को फिर सताएगी 39 डिग्री की गर्मी… जानिए पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है. बारिश और तेज हवाओं से तापमान में भारी गिरावट आई है और नोएडा, गाजियाबाद सहित पूरी दिल्ली का AQI ‘संतोषजनक’ और ‘ग्रीन’ जोन में पहुंच गया है.

delhi-ncr-weather-update-rain-thunderstorm-aqi-improves-noida-ghaziabad-aaj-ka-mausam

Delhi NCR Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मौसम ने एक बार फिर बड़ी और सुखद करवट ली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज भी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है. तेज हवाओं और बारिश ने एक तरफ जहां लोगों को मई की भीषण गर्मी से बचा लिया है, वहीं दूसरी तरफ पूरे इलाके की जहरीली हवा को भी साफ कर दिया है.

तापमान में गिरावट और आगे का पूर्वानुमान (IMD weather forecast)

बीते 24 घंटों में हुई बारिश के कारण तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 5 मई को अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 19°C दर्ज रहने का अनुमान है. दिन भर “थंडरस्टॉर्म विथ रेन” की स्थिति रहने वाली है. 6 मई को तापमान बढ़कर 36/21°C रहने का अनुमान है, साथ ही आंशिक बादल और बिजली कड़कने की संभावना है. 7 और 8 मई को तापमान 37°C से 38°C के बीच रहेगा. वहीं, 9 और 10 मई को अधिकतम तापमान 39°C तक पहुंच सकता है, जब आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है.

बारिश ने धोया प्रदूषण, ‘ग्रीन’ जोन में पहुंचा AQI

बारिश का सबसे बड़ा और सकारात्मक असर एनसीआर की हवा पर पड़ा है. दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सुधरकर ‘ग्रीन’ और ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गया है. दिल्ली के अलीपुर में AQI 51, अशोक विहार में 60, आया नगर में 63 और बवाना में 68 दर्ज किया गया. हालांकि, आनंद विहार (111) और चांदनी चौक (106) में अभी भी एक्यूआई मध्यम श्रेणी में है.

ये भी पढ़ें: क्या बिहारियों को गाली देना DMK को पड़ गया भारी, प्रशांत किशोर ने क्यों कहा था ‘हिसाब बराबर होगा’? पुराना वीडियो वायरल

इतना ही नहीं नोएडा (Noida today Weather) और गाजियाबाद (Ghaziabad Weather News) के मौसम में भी सुधार आया है. नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 100, जबकि सेक्टर-62 और सेक्टर-1 में यह 64 रहा. गाजियाबाद के संजय नगर में तो हवा इतनी साफ रही कि यहां का AQI महज़ 46 दर्ज किया गया.

NCR में पहाड़ों जैसा मौसम

लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण एनसीआर के लोगों को इन दिनों पहाड़ी इलाकों जैसी स्वच्छ हवा का अनुभव हो रहा है. प्रदूषण का स्तर जो आमतौर पर चिंता का विषय रहता है, वह फिलहाल पूरी तरह से धुल चुका है. पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौसम का यही रुख और हवा की गति बनी रही, तो आने वाले कुछ और दिनों तक एनसीआर में प्रदूषण का स्तर नियंत्रण में रह सकता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read