Weather Update India: राजधानी दिल्ली और आसपास (Delhi Weather) के इलाकों में गर्मी की दस्तक के बीच एक बार फिर बादलों का डेरा जमने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, अप्रैल का पहला सप्ताह दिल्लीवालों के लिए राहत भरा रहेगा और शुक्रवार से बारिश का एक नया दौर शुरू होने की पूरी संभावना है.
साथ ही दो शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभों (Western Disturbances) के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसका असर पूरे सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार तक बना रहेगा.
पश्चिमी विक्षोभ का डबल अटैक (Western Disturbances)
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, लगातार आ रहे दो बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभों की वजह से दिल्ली-NCR के आसमान में हलचल तेज हो गई है. इसका सीधा असर पारे पर पड़ेगा, जिससे झुलसाने वाली गर्मी से फिलहाल निजात मिलेगी.
वहीं बुधवार को भी दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम यानी 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अनुमान है कि रविवार और सोमवार तक अधिकतम तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जाएगा, जिससे लोगों को मार्च जैसी सुहावनी ठंडक का अहसास दोबारा हो सकता है.
30-40 किमी की रफ्तार से चलेंगी धूल भरी हवाएं
बारिश के साथ-साथ दिल्ली के आसमान में गरज-चमक का सिलसिला भी जारी रहेगा. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञों का कहना है कि 8 और 9 अप्रैल तक रुक-रुक कर बौछारें पड़ने का अनुमान है, जिससे धूल और प्रदूषण के कण जमीन पर बैठ जाएंगे और वातावरण पूरी तरह साफ नजर आएगा.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़े प्रीमियम पेट्रोल-डीजल और कमर्शियल सिलेंडर के दाम, जानिए ईंधन की कीमतों में कितना आया उछाल?
शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट'(Weather Update India)
सप्ताहांत की छुट्टियों को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार के लिए विशेष रूप से ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. इसका मतलब है कि घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेना जरूरी है, क्योंकि अचानक होने वाली तेज बारिश और बिजली कड़कने की घटनाएं सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं.
वहीं पिछले 24 घंटों में लोधी रोड और आया नगर जैसे इलाकों में पहले ही 6 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है, और अब अगले 48 घंटों में पूरे दिल्ली-NCR में एक समान वर्षा होने की उम्मीद जताई गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

