Urdu Conclave 2026

दिल्ली पुलिस ने किया पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पांच संदिग्ध गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने गुरुवार को एक पाकिस्तानी समर्थित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया और पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया हैं. आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में आईईडी बनाने का सामान, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई हैं.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुवार को एक पाकिस्तान समर्थित संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. स्पेशल सेल ने इस मॉड्यूल से जुड़े पांच संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस के एडिशनल कमिश्नर (स्पेशल सेल) प्रमोद सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी.

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बातचीत में कहा, ‘यह एक पाकिस्तानी हैंडलर समर्थित आतंकी मॉड्यूल हैं. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें असरार दानिश नाम का हैंडलर भी शामिल है. सभी संदिग्धों की गिरफ्तारी अलग-अलग राज्यों से की गई है. केंद्रीय एजेंसियों और राज्य पुलिस का यह एक ज्वाइंट ऑपरेशन था, जिसमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और झारखंड पुलिस शामिल थी. इस ऑपरेशन को पिछले पांच महीने से चलाया जा रहा था.’

आईईडी, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

उन्होंने कहा, ‘जिन पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है, उनका उद्देश्य एक जमीन को अधिग्रहण करना था. उन्होंने आईईडी और हथियार बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी. इन लोगों के पास आईईडी बनाने का सामान बड़ी मात्रा में बरामद किया गया है. इसके अलावा, सल्फर पाउडर, तार, नाइट्रिक एसिड, दस्ताने, मास्क, लैपटॉप, हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं. साथ ही उनके पास से कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं. पता चला है कि उनका टारगेट किलिंग का भी प्लान था.’

एडिशनल सीपी प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी लोग एक प्रोफेशनल की तरह काम करते थे. दानिश की आईडी ‘गजवा लीडर’ और कोड नेम ‘सीईओ’ था. वह पाक हैंडलर से सीधे संपर्क में था और पूरे ग्रुप को जोड़ने का काम कर रहा था.

दिल्ली पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल को खुफिया इनपुट मिला था कि पाकिस्तान स्थित हैंडलर के निर्देश पर ये आरोपी ‘खिलाफत मॉडल’ अपनाने की तैयारी कर रहे थे. उनका उद्देश्य एक स्थान हथियाना, बड़ी टीम तैयार करना और सुसाइड बॉम्बिंग, टारगेटेड किलिंग जैसे हमले करना था.

ये भी पढ़े: वाराणसी में पीएम मोदी का रोड शो, लोगों ने प्रधानमंत्री पर की पुष्पवर्षा, लगे मोदी-मोदी के नारे

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read