दिल्ली पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात एक बड़ा एनकाउंटर हुआ. यह मुठभेड़ बीआरटी कॉरिडोर पर स्थित सीएनजी पंप के पास हुई, जहां दो आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पुलिस को इनपुट मिला था कि छतरपुर शूटआउट केस का आरोपी दीपक अपने एक साथी के साथ शेख सराय इलाके में आने वाला है. इसी सूचना पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की.
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
जैसे ही पुलिस ने दोनों को रोकने की कोशिश की, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं. इस दौरान पांच से अधिक राउंड फायरिंग हुई. मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिनमें एक की पहचान दीपक के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दिल्ली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
गौरतलब है कि 15 मई को दिल्ली के छतरपुर इलाके में दो बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी चला रहे अरुण लोहिया पर 10 से 12 गोलियां दागकर हत्या कर दी थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से ही दिल्ली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी.
आरोपियों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि मुठभेड़ पूरी तरह से आत्मरक्षा और जानकारी के आधार पर की गई, और अब आरोपियों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
