रिपोर्टर- मुकेश राणा
देश की राजधानी में छोटी-छोटी बातों पर जान लेने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला बाहरी दिल्ली के रानी बाग थाना इलाके का है जहां बीती रात एक शादी समारोह के दौरान हुई चाकूबाजी में साढे 17 साल के किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है.
घटना (Rani Bagh Murder) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शादी में खाने को लेकर कुछ लड़कों के बीच विवाद शुरू हुआ था. पेशे से मोटर मैकेनिक निखिल ने जब झगड़ा शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उस पर और उसके दोस्त पर ताबड़तोड़ चाकू चला दिए. निखिल के सीने में गहरा घाव होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया, वहीं सनी की कमर के नीचे वार किया गया है जिसका अस्पताल में उपचार जारी है.
वारदात के बाद पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
हत्या की इस खौफनाक वारदात की सूचना मिलते ही जिले के डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने कुछ चश्मदीदों और लड़कों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है ताकि फरार आरोपियों की पहचान की जा सके.
हालांकि, इस पूरे मामले (Rani Bagh Murder) पर जिला डीसीपी ने फिलहाल कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों की धर-पकड़ के लिए रानी बाग थाना पुलिस के साथ-साथ जिले के स्पेशल स्टाफ की कई टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं.
क्या खत्म हो गई है सहनशीलता?
मृतक निखिल और घायल सनी दोनों रोहिणी के नाहरपुर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं. निखिल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है और नाहरपुर इलाके में दहशत का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह एक मामूली विवाद में किशोर की हत्या कर दी गई, उससे समाज में घटती सहनशीलता और बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. एक होनहार युवक, जो मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था, वह महज एक ‘शादी के खाने’ की भेंट चढ़ गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




