Delhi Red Fort Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार की शाम को जोरदार विस्फोट हुआ. इस धमाके में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोगों के घायल होने की खबर है. धमाके के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से घटना की जानकारी ली.
धमाका Hyundai i20 कार में हुआ, जिससे आस-पास की कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए. धमाका इतनी जबरदस्त था कि कुछ गाड़ियां 150 मीटर तक हवा में उड़ गई. धमाके वाली गाड़ी का नंबर HR 26-7674 है, जिससे पता चलता है गाड़ी हरियाणा की है. यह गाड़ी गुरुग्राम निवासी शान्ति नगर मोहम्मद सलमान पुत्र मोहम्मद शाहिद नाम के शख्स के नाम रजिस्टर थी. उसने पूछताछ में बताया उसने यह गाड़ी उसने बेच दी थी. हालांकि जिसे बेची उसकी तलाश की जा रही है.
घटना के बाद से दिल्ली और उससे सटे इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है. इसके साथ ही मुंबई, अयोध्या में अलर्ट कर जांच बढ़ा दी गई है. इसके साथ ही कई राज्यों की सरकारों ने अलर्ट जारी किया है. अब आगे क्या होगा, यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा, लेकिन फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं और दोषियों को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं.
धमाके के बाद हर तरफ अफरा-तफरी मची
बता दें कि दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के निकट सोमवार शाम को एक खड़ी कार में हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. धमाके के बाद कार में लगी भीषण आग ने आसपास की तीन-चार अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. दिल्ली फायर सर्विसेज को शाम 6:55 बजे सूचना मिली और तुरंत सात फायर टेंडरों को मौके पर रवाना कर दिया गया. आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन जांच अभी जारी है.
घटना लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुई, जहां उस वक्त काफी भीड़ थी. धमाके की ताकत इतनी थी कि आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए और खड़ी गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा. प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक, 10 लोगों की मौत हो गई है जबकि 29 लोग घायल है.
ये भी पढ़ें: आतंकी साजिश या इत्तेफाक? फरीदाबाद में मिले विस्फोटक फिर लाल किला के पास धमाका
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





