Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली के रोहिणी में लगी भीषण आग, तीन घंटे तक जलती रहीं 800 झुग्गियां, दो मासूमों की मौत

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-17 में भीषण आग ने 800 से अधिक झुग्गियों को राख कर दिया. हादसे में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं.

Delhi slum fire news

Delhi slum fire news: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-17 इलाके में रविवार सुबह एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई, जिसमें दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दिल्ली फायर सर्विस (DFS) अधिकारियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 800 झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं.

दमकल विभाग को आग लगने की सूचना सुबह 11:55 बजे मिली थी. पहले मौके पर 17 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए इसे ‘मीडियम कैटेगरी’ घोषित कर दिया गया और कुल 26 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं. कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे में आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि कूलिंग और तलाशी अभियान अभी भी जारी है.

दो छोटे बच्चों की मौत

पुलिस अधिकारी अमित गोयल ने बताया कि आग की चपेट में आकर दो छोटे बच्चों दम तोड़ बैठे जिनकी उम्र ढाई साल और तीन साल है. दोनों के जले हुए शव बरामद कर अस्पताल भेज दिए गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, आग पांच एकड़ में फैली झुग्गी बस्ती में लगी थी, जहां झुग्गियां एक-दूसरे से सटी हुई थीं. आग बुझाने में दिक्कत इसलिए आई क्योंकि इलाके के पास स्थित अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स की ऊंची दीवारों ने दमकल गाड़ियों के भीतर जाने में बाधा डाली.

आग लगने की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झुग्गियों में अव्यवस्थित बिजली के तार और कई जगह एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे, जिसकी वजह से आग तेजी से फैली. फिलहाल, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर राहत और तलाशी कार्य में जुटी हुई हैं.


ये भी पढ़ें- Earthquake: आज कल क्यों आ रहे हैं इतने भूकंप? अमेरिकी की रिसर्च रिपोर्ट ने खोला ऐसा रहस्य जिसे जान कर आप रह जाएंगे दंग


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest