Bharat Express DD Free Dish

यमुना के पानी पर Delhi Vs Haryana CM: नायब सैनी ने ऐसे पूरा किया आतिशी का चैलेंज, देखें VIDEO

दिल्ली सीएम के इस पोस्ट के जवाब में नायब सिंह सैनी अकेले ही पल्ला घाट पहुंचे और वहां उन्होंने यमुना के पानी से कुल्ला किया और उसे पिया भी. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

Haryana CM

हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच पानी को लेकर दिल्ली और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. ताजा मामला यमुना नदी के पानी का है, जिसे लेकर पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के ‘जहर’ वाले बयान के बाद राजनीति गरमा गई है. दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है.

सीएम आतिशी का पल्ला घाट चलने का निमंत्रण

दिल्ली सीएम आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी को टैग करते हुए उनसे पल्ला घाट चलने का आग्रह किया. उन्होंने लिखा, “नायब सिंह सैनी जी, मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जाने वाले हैं. मेरा अनुरोध है कि हम दोनों साथ चलें और मीडिया के सामने पानी की गुणवत्ता की जांच करें. हमें सबके सामने यह साबित करना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली को कैसा पानी भेज रहा है.”

‘हम अपने परिवार को जहर नहीं पिला सकते’

दिल्ली सीएम के इस पोस्ट के जवाब में नायब सिंह सैनी अकेले ही पल्ला घाट पहुंचे और वहां उन्होंने यमुना के पानी से कुल्ला किया और उसे पिया भी. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद उन्होंने आतिशी पर तंज कसते हुए लिखा,

“आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है. हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो जहर नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है.”

सैनी ने आगे कहा, “कभी पानी की समस्या, कभी पराली का धुआं, तो कभी अन्य विफलताओं का बहाना बनाकर आप लोग हमेशा हरियाणा को दोषी ठहराते रहते हैं. लेकिन सच यह है कि हम नदियों को अपनी मां मानते हैं और उनकी पूजा करते हैं. हम कभी किसी को जहर नहीं पिला सकते.”

‘यमुना में जहर’ वाले बयान के बाद गरमाई सियासत

यह विवाद तब शुरू हुआ जब दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि हरियाणा से जो पानी दिल्ली को सप्लाई किया जाता है, उसमें जहर मिलाया जा रहा है. हालांकि, उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया. बाद में आम आदमी पार्टी की ओर से सफाई आई कि उनका मतलब पानी में गंदगी से था, जिसे उन्होंने ‘जहर’ कहा.

इस पूरे घटनाक्रम के बाद दिल्ली और हरियाणा की राजनीति में उबाल आ गया है. दोनों राज्यों के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है और क्या दोनों सरकारें इस मुद्दे का कोई समाधान निकाल पाती हैं या नहीं.


इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी ने पटपड़गंज सीट पर बीजेपी प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी के छुए पैर, वायरल हुआ वीडियो


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read