Bharat Express DD Free Dish

घने कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत, ग्रेटर नोएडा और रेवाड़ी में सड़क हादसे

Dense Fog Accidents: उत्तर भारत में घने कोहरे के चलते ग्रेटर नोएडा और रेवाड़ी में सड़क हादसे हुए. NH-91 पर आधा दर्जन वाहन टकराए और रेवाड़ी में तीन से चार बसें भिड़ गईं. कई लोग घायल हुए और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

Dense Fog Accidents: रविवार सुबह घने कोहरे के चलते उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के एनएच-91 पर आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए. हादसे में कई लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं. टक्कर के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड में हटाया और जाम खुलवाने की कोशिश की.

रेवाड़ी में बसों की भिड़ंत

हरियाणा के रेवाड़ी में भी कोहरे के कारण बड़ा हादसा हुआ. गांव गुरावड़ा के पास तीन से चार बसें आपस में टकरा गईं. बताया जा रहा है कि कम विजिबिलिटी की वजह से यह हादसा हुआ. एक बस रेवाड़ी से झज्जर जा रही थी तभी वह दूसरी बस से टकरा गई और उसके पीछे दो अन्य वाहन भी भिड़ गए. हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक प्राइवेट बस आगे से क्षतिग्रस्त दिख रही है और पीछे दो रोडवेज बसें टकराकर खड़ी हैं.

घायलों को अस्पताल भेजा गया

पुलिस ने बताया कि नेशनल हाईवे 352D पर हुए इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को बसों से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें-दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस का ‘वोट चोरी’ विरोध प्रदर्शन, कर्नाटक के सभी विधायक होंगे शामिल

उत्तर भारत में कोहरे का कहर

ठंड बढ़ने के साथ ही पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छा गया है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में रविवार सुबह विजिबिलिटी बेहद कम रही. मथुरा में तो सुबह से ही कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई. कई जगह दृश्यता 20 से 30 मीटर तक सिमट गई, जिसके चलते वाहन चालकों ने सावधानी बरतते हुए स्पीड कम कर दी. कुछ लोग तो हाईवे किनारे गाड़ियां खड़ी कर कोहरा छंटने का इंतजार करते नजर आए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read