Bharat Express DD Free Dish

‘देश की सेवा करूं या…., खुद को गोली मार लूंगा’, जम्मू-कश्मीर में तैनात देवरिया के जवान का वीडियो वायरल

सेना के जवान वीर बहादुर सिंह का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.

The army soldier pleaded for help.

सेना के जवान का वीडियो वायरल

UP News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. इस वीडियो में सेना के जवान वीर बहादुर सिंह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भावुक अपील करते दिखाई दे रहे हैं. वे इस समय जम्मू‑कश्मीर की एलओसी पर तैनात हैं. वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि देश की सेवा करें या घरवालों की चिंता में उलझे रहें.

सेना के जवान ने क्या कहा?

वीर बहादुर सिंह ने वीडियो में बताया कि उनके माता‑पिता, छोटी बहन और गर्भवती बहन को उनके चाचा और दबंग लोग परेशान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि परिवार को मारा‑पीटा जा रहा है और वे खुद असहाय महसूस कर रहे हैं. वीडियो में उन्होंने चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला तो वे या तो विरोधियों को गोली मार देंगे या खुद को खत्म कर लेंगे.

पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की?

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. सर्कल ऑफिसर सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि यह विवाद वीर बहादुर सिंह के पिता राजा सिंह और उनके भाइयों के बीच संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा है.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, चुरिया गांव में रहने वाले राजा सिंह, रामनारायण सिंह और सुग्रीव सिंह तीन भाई हैं. 31 दिसंबर 2025 को पंचायत के सामने हुए समझौते में राजा सिंह ने अपने हिस्से की जमीन 3,75,000 रुपये में और रामनारायण सिंह ने अपनी जमीन 2,50,000 रुपये में सुग्रीव सिंह को देने पर सहमति जताई थी. रामनारायण सिंह को पूरी रकम मिल चुकी है, जबकि राजा सिंह को आधी रकम यानी 1,87,000 रुपये उनके बेटे वीर बहादुर सिंह के बैंक खाते में दी गई थी. बाकी रकम मकान खाली करने के बाद देने की बात तय हुई थी.

विवाद क्यों बढ़ा?

फिलहाल सुग्रीव सिंह ने पुराने पुश्तैनी मकान को गिराकर नया निर्माण शुरू कर दिया है. वहीं राजा सिंह अपने परिवार के साथ मकान के आगे के हिस्से में रह रहे हैं. पुलिस का कहना है कि राजा सिंह पंचायत में हुए समझौते को मानने से इनकार कर रहे हैं, जिससे विवाद और बढ़ गया है.

मारपीट के बाद मुकदमा

पुलिस ने बताया कि 26 फरवरी 2026 को मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद थाना लार में मुकदमा दर्ज किया गया. इस मामले में आरोप पत्र भी न्यायालय भेजा जा चुका है. दोनों पक्षों के बीच कई बार समझौते की कोशिश हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी.

सर्कल ऑफिसर ने क्या कहा?

सर्कल ऑफिसर गौरव सिंह ने स्पष्ट किया कि यह विवाद अब अदालत में विचाराधीन है. उन्होंने कहा कि जांच में यही सामने आया कि तीनों भाइयों ने पंचायत में जमीन बेचने का फैसला किया था लेकिन राजा सिंह अब उस समझौते को मानने से पीछे हट रहे हैं.

ये भी पढ़ें-2036 ओलंपिक का मेगा प्लान: पीएम मोदी करेंगे युवाओं से संवाद, खेल जगत में होगा बड़ा फेरबदल?

वीर बहादुर सिंह का वीडियो सामने आने के बाद यह विवाद सुर्खियों में है. एक ओर देश की सीमा पर तैनात जवान अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित है वहीं दूसरी ओर अदालत में मामला लंबित है. पुलिस का कहना है कि न्यायालय के फैसले के बाद ही इस विवाद का हल निकल सकेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read