Weather update: पिछले कई दिनों से झुलसा रही गर्मी के बीच आंधी और बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है. मौसम विभाग ने अब फिर से चेतावनी जारी की है कि देश के 19 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिलेगा. हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. ऐसे में यात्रा की योजना बनाने वालों को मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए.
चक्रवात का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी मध्य स्तर पर चक्रवाती गतिविधियां जारी हैं. इसी वजह से अगले सात दिनों तक दक्षिण भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. खासकर केरल में 6 और 7 जून को कुछ जगहों पर अत्यधिक बारिश की संभावना है. पूर्वोत्तर राज्यों में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा.
किन राज्यों में अलर्ट?
5 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में अपनी रफ्तार बढ़ा दी है. अगले 48 से 72 घंटों में यह महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, अरब सागर और पूर्वोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी पहुंच सकता है. बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग दिनों में तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है. इस दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 6 जून को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है. हालांकि कोई बड़ी चेतावनी नहीं दी गई है. 7 जून से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान 39 डिग्री तक पहुंच सकता है. 8 जून को पारा 40 डिग्री तक जाएगा और आसमान साफ रहेगा. 9 और 10 जून को भी मौसम विभाग ने साफ आसमान का अनुमान जताया है, अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक जा सकता है.
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, रायबरेली, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, नोएडा, गाजियाबाद और आगरा में 6 जून को हल्की बारिश हो सकती है. गोरखपुर, बलिया, देवरिया और आजमगढ़ में 9 से 11 जून के बीच लू का असर दिख सकता है. पश्चिमी यूपी में 6 जून को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है, जबकि पूर्वी यूपी में 10-11 जून को बारिश की संभावना है.
उत्तराखंड का मौसम
देहरादून, मसूरी, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और टिहरी में 6 जून को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है.
हिमाचल प्रदेश का मौसम
शिमला, मनाली, मंडी, कांगड़ा, चंबा, सिरमौर और सोलन में 6 जून को बारिश का अनुमान है. ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं का असर रहेगा. 6 से 11 जून के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
झारखंड का मौसम
रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में 6 से 8 जून के बीच बारिश का दौर जारी रहेगा.
इस तरह देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. कहीं तेज हवाएं और बारिश राहत दे रही हैं तो कहीं लू और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. यात्रा या बाहर निकलने से पहले मौसम विभाग की ताजा जानकारी जरूर देख लें.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
