Urdu Conclave 2026

डिजिटल इंडिया का ‘देसी’ अवतार: दानापुर के इस ATM में मशीन की जगह मिलता है नया हेयरकट

Danapur ATM Salon: बिहार के दानापुर में एक अनोखा ‘ATM’ चर्चा में है, जहां पैसे नहीं बल्कि दाढ़ी और बाल बनाए जा रहे हैं. SBI एटीएम के बोर्ड के पीछे चल रहे इस हेयर कटिंग सैलून का वीडियो वायरल होने के बाद, अब प्रशासन और बैंक की सख्ती के डर से बोर्ड को ढंक दिया गया है. जानिए क्या है इस “कैशलेस” सैलून की पूरी कहानी.

Danapur ATM Salon

दानापुर/राजेश कुमार


Unique Hair Cutting Salon Danapur: बिहार के दानापुर में एक ऐसा एटीएम (ATM) सामने आया है, जहां लोग बटुआ भारी करने नहीं, बल्कि अपना हुलिया संवारने पहुंच रहे हैं. पहली नजर में SBI का एटीएम दिखने वाला यह केबिन रातों-रात सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है, क्योंकि यहां कैश मशीन की जगह नाई की कुर्सी और कैंची ने ले ली है.

बिहार के दानापुर से एक बेहद दिलचस्प मामला सामने आया है. यहां एक दुकान इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय गलियारों तक चर्चा का विषय बनी हुई है. दरअसल, बाहर से देखने पर यह दुकान भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का एक सामान्य ATM नजर आती है, लेकिन जैसे ही कोई ग्राहक पैसे निकालने के अंदर कदम रखता है, उसे मशीन के बजाय कैंची और उस्तरा लिए नाई नजर आता है.

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जगह पर पहले वास्तव में SBI का एटीएम संचालित होता था. किसी कारणवश बैंक ने वहां से अपनी मशीन हटा ली, लेकिन एटीएम का केबिन और उसका आधिकारिक बोर्ड वहीं लगा रह गया. मकान मालिक ने बाद में यह जगह एक नाई को किराए पर दे दी, जिसने बिना बोर्ड हटाए ही वहां अपना ‘हेयर कटिंग सैलून’ शुरू कर दिया.

‘एटीएम सैलून’ इलाके में चर्चा

नतीजतन, दूर से देखकर लोग कैश की उम्मीद में यहां पहुंचते हैं, पर अंदर का नजारा देख दंग रह जाते हैं. हालांकि, खबर फैलने और मामला सुर्खियों में आने के बाद अब स्थिति बदल गई है. दुकान के बाहर लगे SBI के बोर्ड पर कागज चिपका दिया गया है और फिलहाल सैलून को बंद कर दिया गया है. यह ‘एटीएम सैलून’ (Hair Cutting Salon) इलाके में चर्चा और मनोरंजन का केंद्र बना रहा.

यह भी पढ़ें: मजबूत निकला अक्षय का ‘भूत बंगला’! 24 दिन बाद भी ‘सुपरफास्ट’ कमाई, क्या छू पाएगी 300 करोड़?

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read