Bharat Express DD Free Dish

‘टैरिफ में करूंगा भारी इजाफा’, ट्रंप की भारत को नई धमकी; इस बार किस बात पर भड़के?

Donald Trump Tariff News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से भारत पर भारी टैरिफ लगाने की धमकी दी है. इस बार उन्होंने यूक्रेन में रूस की युद्ध की दलील दी है.

donald trump accused india buying oil from russia

डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को फिर दी धमकी

Donald Trump Tariff News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (4 अगस्त 2025) को एक बार फिर भारत को टैरिफ बढ़ाने की धमकी दी है. ट्रंप ने भारत पर भारी मात्रा में रूस से तेल खरीदने और उसे बड़े मुनाफे पर बेचने का आरोप लगाया है. ट्रंप ने कहा कि भारत न केवल रूस से तेल खरीदता है, बल्कि उसे खुले बाजार में बेचकर मोटा मुनाफा कमाता है. उन्होंने कहा कि भारत को इस बात की कोई परवाह नहीं है कि यूक्रेन में रूस की युद्ध मशीन कितने लोगों की जान ले रही है.

टैरिफ बढ़ाने की धमकी

ट्रंप (Donald Trump) ने कहा कि इसी वजह से मैं भारत से अमेरिका को दिए जाने वाले शुल्क को काफी बढ़ाने जा रहा हूं. उन्होंने कहा कि भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का फैसला किया गया है, जो 7 अगस्त 2025 से प्रभावी होगा. ट्रंप ने इस संबंध में सोशल मीडिया में पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा-

“भारत केवल रूस से भारी मात्रा में तेल ही नहीं खरीद रहा, बल्कि खरीदे गए तेल का एक बड़ा हिस्सा अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचकर भारी मुनाफा कमा रहा है. उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं कि रूस की युद्ध मशीन यूक्रेन में कितने लोगों को मार रही है. इसी वजह से मैं भारत द्वारा अमेरिका को दिए जाने वाले टैरिफ में भारी बढ़ोतरी करूंगा.”

भारत की प्रतिक्रिया

ट्रंप के टैरिफ के ऐलान पर भारत ने कहा कि देशहित में हर संभव कार्रवाई की जाएगी. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि बात 10 से 15 फीसदी टैरिफ को लेकर हुई है. उन्होंने कहा कि टैरिफ को लेकर देशहित में हर संभव कार्रवाई की जाएगी. भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम अपनी ऊर्जा जरूरतों को वैश्विक परिस्थितियों और बाजार में उपलब्ध विकल्पों के आधार पर तय करते हैं. हमें विश्वास है कि भारत-अमेरिका संबंध आगे भी मजबूत होंगे.

अमेरिका क्यों चिढ़ा है भारत से?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने हाल ही में कहा था कि भारत जो रूसी तेल खरीद रहा है उससे मॉस्को को यूक्रेन युद्ध में मदद मिल रही है. उन्होंने कहा कि ट्रंप भारत से इसलिए नाराज हैं क्योंकि जब तेल खरीदने के इतने विकल्प मौजूद हैं तो भारत रूस से क्यों खरीद कर रहा है.

ये भी पढ़ें: ड्रैगन का नया ‘वॉटर बम’: भारत-बांग्लादेश के लिए कितना खतरनाक? ब्रह्मपुत्र में सबसे बड़ा बांध बनाएगा चीन

क्या है टैरिफ का मतलब?

टैरिफ का मतलब है आयातित वस्तुओं पर लगाया जाने वाला शुल्क. यह शुल्क आयात करने वाले देश की सरकार द्वारा लगाया जाता है और इसका उद्देश्य घरेलू उद्योगों को संरक्षण देना होता है. अमेरिका ने भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का फैसला किया है. यह टैरिफ 7 अगस्त 2025 से प्रभावी होगा. टैरिफ बढ़ने से भारत और अमेरिका के बीच व्यापार प्रभावित हो सकता है. इससे भारतीय कंपनियों को नुकसान हो सकता है और अमेरिका में भी इसका असर देखने को मिल सकता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read