MP Dowry Harassment Case: देशभर में दहेज के नाम पर होने वाली क्रूर घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. हर दिन कोई न कोई बेटी इन दहेजलोभियों की बलि चढ़ जाती है. सरकारी आंकड़े भी यही बताते हैं कि यह समस्या किसी एक राज्य या इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में फैल चुकी है. ग्रेटर नोएडा की निक्की भाटी का मामला अभी सुर्खियों से हटा भी नहीं था कि अब मध्य प्रदेश के खरगोन से एक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है.
खरगोन जिले के मेनगांव थाना क्षेत्र के अवरकच्छ गांव में 23 वर्षीय खुशबू पिपलिया अपने पति दिलीप पिपलिया की क्रूरता का शिकार हुई. खुशबू की शादी इसी साल 2 फरवरी को बड़वानी जिले के अंजड़ निवासी दिलीप से हुई थी. परिजनों के मुताबिक, शादी के शुरुआती दिनों से ही खुशबू के साथ मारपीट और दहेज की मांग का सिलसिला शुरू हो गया था.
रविवार की रात यह उत्पीड़न खौफनाक रूप ले बैठा. आरोप है कि दिलीप ने शराब के नशे में खुशबू को बेरहमी से पीटा और फिर उसे किचन में ले जाकर कमरे का दरवाजा बंद कर दिया. हाथ-पैर बांध दिए गए और उसके बाद गैस चूल्हे पर चाकू गरम करके पत्नी के हाथ, पैर, पीठ और यहां तक कि होठों पर तक दाग दिए.
‘तू मुझे पसंद नहीं है…’ क्यों आई?
पीड़िता के मुताबिक, इस दौरान उसका पति बार-बार यही कहता रहा ‘तू मुझे पसंद नहीं है, मना किया था फिर क्यों आई? मेरे मां-बाप ने मेरी मर्जी के खिलाफ शादी कर दी.’ खुशबू ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि यह कोई घरेलू विवाद नहीं था, बल्कि उसके पति की नापसंदगी और दहेज की लालच ही सारी वजह है.
खुशबू का कहना है कि जब उसने यह बात ससुराल के अन्य लोगों को बताई तो पहले उन्होंने आश्वासन दिया कि वे दिलीप को सबक सिखाएंगे. लेकिन बाद में वही लोग उल्टा उस पर ही आरोप लगाने लगे. पीड़िता ने बताया कि रातभर उसे कमरे में बंद रखा गया, चीखने-चिल्लाने पर पति ने उसके मुंह में गरम चाकू डालने तक की कोशिश की.
हाथ-पैर बांधकर पति ने उतारा गुस्सा
खुशबू ने यह भी बताया कि घटना के बाद उसके हाथ-पांव रस्सियों से बंधे हुए थे. सुबह करीब साढ़े चार बजे किसी तरह वह खुद को छुड़ाकर बाहर निकली और घर पर झाड़ू लगाने आए एक व्यक्ति से मदद मांगी. उसी के मोबाइल से उसने अपने मायके वालों को कॉल किया और पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे मेनगांव थाने लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया.
खरगोन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं. महिला एएसआई को अस्पताल भेजा गया है. वहीं, परिजन आरोप लगा रहे हैं कि यह मामला सिर्फ पति की नापसंदगी नहीं बल्कि लगातार दहेज उत्पीड़न का नतीजा है.
ये भी पढ़ें: इंदौर में 21 वर्षीय श्रद्धा तिवारी 72 घंटे से लापता, CCTV में कैद हुई आखिरी तस्वीरें, पुलिस तलाश में जुटी
Also Follow Bharat Express on Instagram
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
