Bharat Express DD Free Dish

जम्मू-कश्मीर के डोडा और महाराष्ट्र के हिंगोली में भूकंप के झटके, कोई बड़ा नुकसान नहीं

Earthquake in Doda and Hingoli: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में रविवार सुबह 4.6 तीव्रता का भूकंप आया, जबकि महाराष्ट्र के हिंगोली और आसपास के जिलों में शनिवार को 4.7 तीव्रता के झटके महसूस किए गए. दोनों जगहों पर जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ.

Earthquake in Doda and Hingoli: रविवार तड़के जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भूकंप आया. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई. भूकंप सुबह 4:32 बजे महसूस किया गया. राहत की बात यह रही कि किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली.

प्रशासन की सतर्कता

भूकंप के बाद प्रशासन ने तुरंत अलर्ट जारी किया. पुलिस और राहत दल हालात पर नजर बनाए हुए हैं. लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत दें.

डोडा में पहले भी झटके

डोडा में भूकंप आना कोई नई बात नहीं है. इससे पहले 1 मार्च 2026 को भी यहां 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था. उस समय भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था, लेकिन लोगों में डर का माहौल बन गया था.

महाराष्ट्र में भी असर

शनिवार को महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के हिंगोली जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.7 रही. नांदेड़ और परभणी जिलों के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए.

हिंगोली में हल्का नुकसान

हिंगोली के जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि पांगरा शिंदे गांव में कुछ घरों और सामुदायिक केंद्रों की दीवारों में दरारें आईं. हालांकि जान-माल का नुकसान नहीं हुआ.

नांदेड़ में स्थिति

नांदेड़ के जिला अधिकारी ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 4.7 थी और यह शनिवार सुबह 8:45 बजे दर्ज किया गया. भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के शिरली गांव में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read