जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.78 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं. जब्त की गई संपत्तियों में जमीन, इमारतें और तीन होटल—होटल पाइन हेरिटेज, होटल ड्रीम लैंड और होटल शाही संतूर शामिल हैं. यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्डरिंग एक्ट (PMLA) के तहत की गई है, जिसमें इन होटलों द्वारा अवैध निर्माण और उससे हुई कमाई को भी जब्त किया गया है.
ईडी की यह कार्रवाई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एक प्राथमिकी (FIR) के आधार पर की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कई होटल और गेस्ट हाउसों ने पटनीटॉप विकास प्राधिकरण (PDA) की मंजूरी के बिना अधिक निर्माण किया और खेती, वन क्षेत्र और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां चलाईं. FIR में यह भी उल्लेख है कि PDA के अधिकारियों ने इन गड़बड़ियों पर जानबूझकर आंखें मूंद लीं, जिससे उनकी मिलीभगत की आशंका भी जताई गई है.
पहले भी जब्त हो चुकी हैं करोड़ों की संपत्तियां
ED की जांच में स्पष्ट हुआ है कि जब्त किए गए होटलों ने PDA की अनुमति से कहीं अधिक निर्माण किया और उससे गैरकानूनी रूप से मोटी कमाई की. इससे पहले जनवरी 2025 में भी ईडी ने इसी मामले में होटल त्रिनेत्रा रिसॉर्ट्स और होटल ग्रीन ऑर्किड की करीब 14.93 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की थीं. ईडी का कहना है कि यह जांच अभी जारी है और आने वाले समय में और भी संपत्तियों की जब्ती और संबंधित लोगों की भूमिका सामने आ सकती है. साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि PDA के नियमों की अवहेलना में किन अधिकारियों की भूमिका रही है.
यह कार्रवाई पर्यटन क्षेत्र में बढ़ते अवैध निर्माण और मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिससे प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार पर भी सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: अमेरिका यात्रा पर आज रवाना होंगे विदेश मंत्री एस. जयशंकर, क्वाड मीटिंग में लेंगे हिस्सा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


