Bharat Express DD Free Dish

बढ़ती जा रहीं महुआ मोइत्रा की मुश्किलें, ED ने कहा- 28 मार्च को पेश हों, बिजनेसमैन हीरानंदानी को भी समन जारी

आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा ने उद्योगपति गौतम अडानी और PM मोदी जैसी शख्सियतों पर निशाना साधने के लिए दुबई के कारोबारी से ‘नकदी और उपहार’ हासिल कर सदन में सवाल पूछे थे. मीडिया में यह मामला ‘कैश फोर क्‍वेरी’ के तौर पर जाना गया.

Cash for Query Scam

तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा और हीरानंदानी

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Mahua Moitra ED summons: तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा और बिजनेसमैन हीरानंदानी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी मुद्रा प्रबंध अधिनियम (फेमा) उल्लंघन मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है. ED ने दोनों को नया समन जारी कर 28 मार्च को पेश होने के लिए कहा है.

जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, हीरानंदानी को एजेंसी ने उनके मुंबई स्थित ‘रियल्टी समूह’ के खिलाफ एक अलग फेमा मामले में भी तलब किया था. इससे पहले उनके पिता निरंजन हीरानंदानी मुंबई में ईडी के सामने पेश हुए थे. वहीं, केंद्रीय एजेंसी ने तृणमूल नेता को भी दो बार पूछताछ के लिए बुलाया था.

महुआ मोइत्रा के परिसर की भी तलाशी ली गई

इन दिनों महुआ मोइत्रा की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं, क्‍योंकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने उनके खिलाफ ‘रिश्वत लेकर सवाल पूछने’ के मामले में भ्रष्टाचार रोधी संस्थान लोकपाल को शिकायत दी थी, जिसकी जांच के निर्देश दिए गए थे. निर्देश दिए जाने के कुछ दिन बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस संबंध में मोइत्रा के परिसर की तलाशी ली थी.

BJP सांसद निशिकांत दुबे ने लगाए थे ऐसे आरोप

गौरतलब हो कि संसद सत्र के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा पर कुछ महीने पहले यह आरोप लगाया था कि मोइत्रा ने उद्योगपति गौतम अडानी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य लोगों पर निशाना साधने के लिए दुबई के कारोबारी हीरानंदानी से ‘नकदी और उपहार’ हासिल कर सदन में सवाल पूछे थे. मीडिया में यह मामला ‘कैश फोर क्‍वेरी’ के तौर पर जाना गया.

इन खातों से जुड़ा लेन-देन भी ED की जांच के दायरे में

सूत्रों ने बताया कि विदेशी मुद्रा और कुछ धनराशि हस्तांतरण के अलावा, ऐसे अप्रवासी भारतीयों के देश से बाहर खोले गए खातों से जुड़ा लेन-देन ईडी की जांच के दायरे में हैं. हालांकि, मोइत्रा ने उपरोक्‍त आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया था कि मुझे अकारण ही निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि मैंने अडाणी समूह को लेकर सवाल उठाए थे.

— भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read