Viral News: नवी मुंबई के बेलापुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां मेट्रो स्टेशन के बाहर भीख मांग रही एक बुजुर्ग महिला ने खुद को भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और ‘प्रिंस सलीम’ के नाम से मशहूर दिवंगत क्रिकेटर सलीम दुर्रानी की पत्नी बताया है. फटे-पुराने हाल में मिली इस महिला की फर्राटेदार अंग्रेजी सुनकर वहां मौजूद हर शख्स हैरान रह गया.
मेट्रो स्टेशन के बाहर चौंकाने वाला मंजर
जानकारी के मुताबिक, यह वाकया बेलापुर मेट्रो स्टेशन के बाहर का है. वहां से गुजर रहे एक जागरूक नागरिक की नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी जो भीख मांग रही थी. महिला के हाव-भाव और व्यक्तित्व में कुछ ऐसा था जो साधारण भिखारियों से अलग दिख रहा था. जब उस व्यक्ति ने महिला से बात करने की कोशिश की तो वह अंग्रेजी में जवाब देने लगी. उसकी भाषा और आत्मविश्वास देख लोग दंग रह गए.
खुद को बताया ‘रेखा श्रीवास्तव’
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एक स्थानीय सामाजिक संस्था को सूचित किया गया. महिला को तुरंत रेस्क्यू कर एक सुरक्षित सेलेटर हों ले जाया गया. पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम रेखा श्रीवास्तव बताया. उसने दावा किया कि वह मशहूर भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी की पत्नी है, जिनका करीब दो साल पहले निधन हो गया था.
दुबई और एयरलाइन बिजनेस की कहानी
बुजुर्ग महिला ने अपनी जिंदगी के बारे में जो दावे किए हैं, वे किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगते. महिला ने बताया कि उसने अपनी जिंदगी का एक लंबा वक्त मुंबई में बिताया है. वह कई सालों तक दुबई में भी रही है. हैरान करने वाली बात यह है कि उसने दावा किया कि वह खुद का एयरलाइन बिजनेस भी चलाती थी.
दावों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल महिला को आश्रय गृह में रखा गया है. पुलिस और सामाजिक संस्था अब इस पहेली को सुलझाने में जुट गई है. प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या वाकई यह महिला सलीम दुर्रानी के परिवार से जुड़ी है या यह किसी मानसिक अवसाद, भ्रम या गलतफहमी का मामला है. महिला के परिवार के अन्य सदस्यों से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: दुनिया के मुस्लमानों से कितने अलग हैं ओमान के इबादी मुस्लिम? जहां पहुंचे हैं पीएम मोदी
कौन थे सलीम दुर्रानी?
सलीम दुर्रानी भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे करिश्माई खिलाड़ियों में से एक थे. वे अपनी मर्जी से छक्का मारने के लिए मशहूर थे और दर्शकों की बेहद चहेते थे. अप्रैल 2023 में उनका निधन हुआ था. ऐसे महान क्रिकेटर के नाम के साथ जुड़ी इस बुजुर्ग महिला की दुर्दशा ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब जांच के बाद ही सच सामने आ पाएगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


