Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए दिनभर की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. हर जगह बात सिर्फ चुनावों की हो रही है. आइए जानते हैं चुनाव से जुड़ी 18 मार्च की 10 बड़ी खबरें, जिन पर पूरे दिन रही देश की नजर.

Election bulletin

दिन भर की चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह बात सिर्फ चुनावों की हो रही है. नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें जनता कर रही है. कौन जीतेगा, कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए जानते हैं चुनाव से जुड़ी 18 मार्च की 10 बड़ी खबरें, जिन पर पूरे दिन रही देश की नजर.

कर्नाटक के शिवमोगा में पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला

पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर कर्नाटक के शिवमोगा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है. इसलिए वह तरह-तरह के हथकंडे अपनाती है. उसका पहला हथकंडा सुबह-शाम झूठ बोलो का है. इसके अलावा पीएम ने इंडिया गठबंधन की मुंबई में हुई महारैली पर निशाना साधते हुए कहा कि कल (मुंबई में) शिवाजी पार्क से शक्ति को नष्ट करने की घोषणा की गई. इससे बाला साहेब ठाकरे की आत्मा को कितनी ठेस पहुंची होगी. नारी शक्ति का यही आशीर्वाद मेरा सबसे बड़ा कवच है. INDI गठबंधन के लोग इस शक्ति को नष्ट करना चाहते हैं. उन्हें मां भारती की बढ़ती शक्ति से नफरत है.शक्ति पर वार का मतलब महिलाओं, बेटियों, मां भारती पर वार है.

बिहार में BJP-17, JDU-16 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बिहार में एनडीए का सीट बंटवारा हो गया है. बिहार बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एनडीए गठबंधन की सभी सीटों का ऐलान किया. बीजेपी ने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर फॉर्मूले पर चर्चा हुई, जिसे एनडीए गठबंधन में शामिल सभी दलों ने सहमति दी है. जिसमें बीजेपी 17 और जदयू 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा – हम) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनता दल (आरएलजेडी) को एक-एक सीट दी गई है. केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को एनडीए ने एक भी सीट नही दी गई है.

छह राज्यों के गृह सचिवों को हटाया गया

स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों के सिद्धांतों को बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय चुनाव आयोग ने छह राज्यों में गृह सचिवों को हटाने के आदेश जारी किए हैं. इन राज्यों में गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं. इसके साथ ही चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी को भी हटाने का निर्देश दिए गए हैं. वहीं मिजोरम और हिमाचल प्रदेश में सामान्य प्रशासनिक विभाग के सचिव को भी हटा दिया गया है. आयोग ने सभी राज्य सरकारों को निर्देश दिया है कि वे चुनाव संबंधी कार्यों से जुड़े उन अधिकारियों का तबादला करें, जो तीन साल पूरे कर चुके हैं या अपने गृह जिलों में हैं. महाराष्ट्र सरकार ने महाराष्ट्र में कुछ नगर आयुक्तों और कुछ अतिरिक्त/उपनगर आयुक्तों के संबंध में निर्देशों का अनुपालन नहीं किया था.

तेलंगाना की राज्यपाल ने दिया इस्तीफा

तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने आज (18 मार्च) अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. सौंदरराजन पुडुचेरी के उपराज्यपाल का पद भी संभाल रही थीं. उन्होंने अपना त्याग-पत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेज दिया है. एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘तेलंगाना की माननीय राज्यपाल और पुडुचेरी की उपराज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन ने तत्काल प्रभाव से अपना इस्तीफा दे दिया है.’ विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘इस्तीफा भारत की माननीय राष्ट्रपति को भेज दिया गया है.’ सौंदरराजन का इस्तीफा इन खबरों के बीच हुआ है कि वह तमिलनाडु से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं.

हिमाचल के 6 बागी विधायकों को SC से झटका

हिमाचल प्रदेश के 6 बागी विधायकों को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने विधायकों की अयोग्यता पर रोक लगाने से साफ इनकार कर किया है. इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष से विधायकों पर की गई कार्रवाई पर भी जवाब मांगा है. याचिका पर नोटिस जारी करते हुए कोर्ट ने चुनाव की तारीख में बदलाव का संकेत दिया है. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट मई के दूसरे हफ्ते में फिर से सुनवाई करेगा. हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता के बीच सुप्रीम कोर्ट ने आगामी 6 मई तक विधानसभा उपचुनाव पर रोक लगा दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष और सचिव को नोटिस दिया है. साथ ही इस संबंध में दो हफ्ते (14 दिन) के भीतर जवाब मांगा है.

21 मार्च तक चुनावी बॉन्ड की जानकारी सार्वजनिक करे SBI

आज सुप्रीम कोर्ट में चुनावी बॉन्ड (Electoral Bonds) पर एक बार फिर सुनवाई शुरू हो गई है. सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में कहा, उसने एसबीआई से सभी विवरण का खुलासा करने को कहा था और इसमें चुनावी बांड नंबर भी शामिल थे. सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि एसबीआई को विवरण का खुलासा करने में चयनात्मक नहीं होना चाहिए. सीजेआई ने एससीबीए अध्यक्ष आदिश अग्रवाल से कहा कि चुनावी बॉन्ड पर सीजेआई को उनका पत्र पब्लिसिटी स्टंट है. सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि वे चाहते हैं कि SBI के पास चुनावी बॉन्ड से जुड़ी जो भी जानकारी है वे सारी जानकारी सार्वजनिक की जाए. सुप्रीम कोर्ट कहा है कि SBI चेयरमैन को गुरुवार शाम यानी कि 21 मार्च को 5 बजे तक सारी जानकारी साझा करनी होगी. वहीं कोर्ट ने इसके लिए हलफनामा दाखिल करने को भी कहा है. कोर्ट ने कहा है कि चुनाव आयोग के पास SBI से जैसे ही इस विषय में जानकारी मिलती है वो अपनी वेबसाइट पर तत्काल उसे अपलोड करे.

लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं लालू की बेटी रोहिणी

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य बिहार की सारण सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं. इस सीट से लालू यादव तीन बार सांसद रह चुके हैं, जबकि एक बार राबड़ी देवी ने भी यहां से किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें यहां से सफलता नहीं मिल पाई थी. कुछ दिनों पहले पटना के गांधी मैदान में हुई रैली में लालू यादव बेटी रोहिणी के साथ मंच पर पहुंचे थे. इस रैली के जरिए उन्होंने रोहिणी को राजनीति में लॉन्च कर दिया. मंच से जनता को संबोधित करते हुए लालू यादव ने कहा था कि किडनी दान करने वाली बेटी रोहिणी को आपके आशीर्वाद की जरूरत है.

पीएम मोदी पर बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का राहुल ने लगाया आरोप

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार (18 मार्च) को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके ‘शक्ति’ वाले बयान को तोड़-मरोड़ को पेश किया. राहुल गांधी ने कहा, ‘मोदी जी को मेरी बातें अच्छी नहीं लगतीं, किसी न किसी तरह उन्हें घुमाकर वह उनका अर्थ हमेशा बदलने की कोशिश करते हैं, क्योंकि वह जानते हैं कि मैंने एक गहरी सच्चाई बोली है.’ दरअसल, राहुल गांधी ने रविवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन पर मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित रैली में कहा था, ‘हिन्दू धर्म में शक्ति शब्द होता है. हम शक्ति से लड़ रहे हैं. एक शक्ति से लड़ रहे हैं. अब सवाल उठता है कि वह शक्ति क्या है? जैसे किसी ने यहां कहा कि राजा की आत्मा ईवीएम में है. सही है… सही है कि राजा की आत्मा ईवीएम में है. हिंदुस्तान की हर संस्था में है. ईडी में है, सीबीआई में है इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में है.’

राहुल के शक्ति वाले बयान पर यूपी में घमासान

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के शक्ति वाले बयान पर बीजेपी हमलावर है. वहीं कांग्रेस नेता के इस बयान पर यूपी की सियासत भी तेज हो गई है. इस बयान पर यूपी में योगी के मंत्री समेत कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई हैं. योगी के मंत्री संजय निषाद ने कहा जनता के पास के शक्ति है लोकतंत्र में और जनता जिसे शक्ति देगी वह तय करता है. जनता ने इन लोगों को शक्तिहीन कर रखा है और पीएम मोदी को शक्ति देकर भारत को शक्तिमान बनाने के संकल्प ले रखा है. बीजेपी नेता अदिति सिंह ने भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शक्ति वाले बयान पर कहा कि शक्ति हमारी पार्टी की है, हमारे पीएम मोदी के अच्छे काम में ‘शक्ति’ है, हमारी पार्टी के मुख्यमंत्रियों की ‘शक्ति’ है कार्यकर्ताओं के छोटे से छोटे प्रयास और जमीनी स्तर का काम, प्रत्येक भाजपा नेता में ‘शक्ति’ है.

यूपी में मायावती को झटका तो बिहार में JDU में शामिल हुईं लवली आनंद

बसपा प्रमुख मायावती को उत्तर प्रदेश में बड़ा झटका लगा है. यूपी की लालगंज सीट से सांसद संगीता आजाद ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है. राजधानी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में अपने पति और पार्टी नेता आज़ाद अरी मर्दन और सुप्रीम कोर्ट की वकील सीमा समृद्धि (कुशवाहा) के साथ वह भाजपा में शामिल हो गईं. इससे पहले, जब उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी तभी से संगीता के भाजपा में शामिल होने की अटकलें चल रही थीं. वहीं बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में शामिल हो गई हैं. उन्हें प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई. लवली आनंद शिवहर से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं. यह सीट जदयू के खाते में हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital