वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड अब इंग्लैंड के नाम दर्ज हो गया है. रविवार को साउथेम्प्टन में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में इंग्लिश टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 342 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी. यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है, जिसने भारत का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 414 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. इंग्लिश बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया और विपक्षी गेंदबाजों को जमकर धोया. 400 के पार पहुंचने के बाद दबाव में आई दक्षिण अफ्रीकी टीम जवाब में सिर्फ 72 रन ही बना पाई और पूरी टीम ढेर हो गई. इंग्लैंड ने यह मुकाबला 342 रनों से जीतकर वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत का नया रिकॉर्ड बना दिया.
भारत का टूटा रिकॉर्ड
इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय टीम के नाम था. भारत ने जनवरी 2023 में श्रीलंका को तिरुवनंतपुरम में खेले गए मैच में 317 रनों से हराया था. तब टीम इंडिया ने 390 रन बनाए थे और श्रीलंकाई टीम सिर्फ 73 रन पर सिमट गई थी.
भारत, ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे भी टॉप-5 लिस्ट में शामिल
इंग्लैंड की यह जीत अब वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है. इसके साथ ही टॉप-5 रिकॉर्ड इस प्रकार हैं –
342 रन – इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, साउथेम्प्टन, 2025
317 रन – भारत बनाम श्रीलंका, तिरुवनंतपुरम, 2023
309 रन – ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड, दिल्ली, 2023
304 रन – जिम्बाब्वे बनाम अमेरिका, हरारे, 2023
302 रन – भारत बनाम श्रीलंका, मुंबई (विश्व कप), 2023
इंग्लैंड का वर्ल्ड रिकॉर्ड
इस रिकॉर्ड के बाद इंग्लिश टीम ने वनडे क्रिकेट में अपनी ताकत और गहराई दोनों साबित कर दी है. इंग्लैंड का यह प्रदर्शन आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स के लिए भी टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला साबित होगा. भारत, ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे ने भी पिछले दो वर्षों में रनों के लिहाज से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, लेकिन इंग्लैंड ने 342 रनों के अंतर से सभी को पीछे छोड़ दिया. वनडे क्रिकेट की शुरुआत 1971 में हुई थी और तब से अब तक कई रिकॉर्ड बने और टूटे हैं. लेकिन इंग्लैंड की यह उपलब्धि लंबे समय तक याद रखी जाएगी.
ये भी पढ़े: T20 Asia Cup 2025: भारत-पाकिस्तान आमने-सामने, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड और अब तक का प्रदर्शन
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



