पहले Fortuner चुराई, फिर उसी से SBI ATM उखाड़ ले गया! 3 गिरफ्तार
Faridabad ATM Loot: फरीदाबाद में बदमाशों ने चोरी की फॉर्च्यूनर का इस्तेमाल कर SBI ATM को ही उखाड़ लिया. पुलिस ने इस वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की सिकरोना यूनिट ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
तीन आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मोइन खान (24), मोसिम उर्फ बिल्ला (27) और मकसूद उर्फ काला (45) के रूप में हुई है. तीनों आरोपी धौज गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने ATM लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है.
पहले फॉर्च्यूनर चुराई, फिर ATM पर नजर
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 12 अगस्त की सुबह सेक्टर-16 इलाके से एक फॉर्च्यूनर चोरी की थी. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ा और लैपटॉप की मदद से वाहन को स्टार्ट कर लिया. इसके बाद इसी चोरी की कार का इस्तेमाल ATM लूटने के लिए किया गया. 13 अगस्त की रात आरोपी फॉर्च्यूनर लेकर ATM की तलाश में निकले. कई जगह घूमने के बाद उनकी नजर छायंसा रोड पर स्थित SBI ATM पर पड़ी.
यह भी पढ़ें: जिंदगी की गाड़ी में मौत का सामान, जानते हैं मुजफ्फरपुर की एंबुलेंस में क्या मिला?
बेल्ट से बांधा और कार से खींचकर उखाड़ा ATM
आरोपियों ने ATM को बेल्ट की मदद से फॉर्च्यूनर से बांध दिया. इसके बाद कार को तेज गति से चलाकर ATM को खींचा गया और मशीन को उसके स्थान से उखाड़ लिया गया. वारदात के बाद बदमाश ATM को फॉर्च्यूनर की डिग्गी में रखकर वहां से फरार हो गए. इतना ही नहीं, आरोपियों ने ATM बूथ में लगा इन्वर्टर, बैटरी और CCTV कैमरा भी निकाल लिया, ताकि वारदात से जुड़े सबूतों को मिटाया जा सके.
क्राइम ब्रांच ने ऐसे दबोचे आरोपी
मामले की जांच में जुटी फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की सिकरोना यूनिट ने सुराग जुटाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने चोरी की गई फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली है. अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गैंग में और कितने लोग शामिल हैं और क्या उन्होंने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

