Bharat Express DD Free Dish

Jammu and Kashmir के किश्तवाड़ के बादल फटने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

Jammu and Kashmir के किश्तवाड़ जिले के चशोती इलाके में बादल फटने की बड़ी घटना सामने आई है. यह हादसा मचैल माता यात्रा मार्ग पर हुआ है.

जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के किश्तवाड़ जिले के चशोती इलाके में गुरुवार सुबह बादल फटने की बड़ी घटना सामने आई है. यह हादसा मचैल माता यात्रा मार्ग पर हुआ है. जिससे इलाके में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए. पानी का तेज बहाव और मलबा आसपास के क्षेत्रों में फैल गया है. जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है.

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के नेता प्रतिपक्ष और स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बात की. उन्होंने कहा कि चशोती क्षेत्र में भीषण बादल फटने से भारी जनहानि की आशंका है. प्रशासन हरकत में आ गया है और बचाव दल घटनास्थल की ओर रवाना हो चुका है. राहत और चिकित्सा प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है और उनका कार्यालय लगातार अपडेट ले रहा है.

विधायक सुनील शर्मा ने क्या कहा?

वहीं विधायक सुनील शर्मा ने कहा कि इलाके में भारी नुकसान हो सकता है, खासकर क्योंकि मचैल यात्रा के चलते वहां भीड़भाड़ है. उन्होंने उपराज्यपाल से एनडीआरएफ टीम की मांग करने की बात भी कही.

किश्तवाड़ के डीसी पंकज शर्मा का क्या कहना है?

किश्तवाड़ के डीसी पंकज शर्मा ने पुष्टि की कि चशोती में अचानक बाढ़ आई है और बचाव अभियान शुरू हो चुका है. उपराज्यपाल कार्यालय ने घटना पर दुख जताया है और सभी संबंधित एजेंसियों को राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए हैं.

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट

श्रीनगर मौसम केंद्र ने अगले 4–6 घंटों में जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी दी है. पहाड़ी इलाकों में बादल फटने, भूस्खलन और पत्थर गिरने की संभावना जताई गई है. लोगों को ढीली संरचनाओं और पुराने पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read