प्रज्जवल रेवन्ना (फाइल फोटो)
Prajwal Revanna Sex Tape Scandal: जनता दल सेक्युलर (JDS) के पूर्व सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना (Prajwal Revanna) को 47 वर्षीय महिला के यौन उत्पीड़न के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है. प्रज्वल को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(एन) के तहत अधिकतम सजा सुनाई गई है. उन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए स्पेशल कोर्ट के जस्टिस संतोष गजानन भट ने शनिवार (2 अगस्त) को सजा की सुनाया. कोर्ट ने 1 अगस्त को प्रज्वल को दोषी ठहराया था. यह प्रज्वल के खिलाफ रेप और छेड़छाड़ के लिए दर्ज चार मामलों में से एक है. मई 2024 में गिरफ्तारी के बाद से प्रज्वल बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल में बंद है.
कड़ी सजा दें ताकि समाज को एक संदेश जाए
सजा सुनाए जाने से पहले अंतिम दलीलें देते हुए विशेष लोक अभियोजक बीएन जगदीश ने कहा कि प्रज्वल ने एक महिला के साथ बलात्कार किया था जो अपनी आजीविका के लिए खेत पर काम करने आई थी.
उन्होंने कहा, “वीडियो वायरल होने के बाद वह इतनी व्यथित हो गई कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया. प्रज्वल ने कई महिलाओं के वीडियो बनाए हैं. उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न के तीन अन्य मामले भी दर्ज हैं. इसलिए अदालत को समाज को एक संदेश देने के लिए कड़ी से कड़ी सज़ा देनी चाहिए.”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रज्वल ने अपने किए पर कोई पछतावा नहीं जताया और उन्होंने सबको गुमराह करने के लिए उसका अपहरण करने की भी कोशिश की. अभियोजन पक्ष ने प्रज्वल के लिए कठोर आजीवन कारावास की मांग की.
ये भी पढ़ें: क्या झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे तेजस्वी? वोटर लिस्ट में नाम नहीं है के आरोप पर EC और BJP ने बताई सच्चाई
एक अन्य विशेष लोक अभियोजक अशोक नाइक ने कहा कि पीड़ित महिला को बहुत अपमान और सामाजिक कलंक का सामना करना पड़ा है और उसे मुआवज़ा दिया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी तर्क दिया कि एक सांसद के रूप में अत्यंत ज़िम्मेदारी वाले पद पर रहते हुए प्रज्वल ने अपने पद का दुरुपयोग किया है.
सांसद के तौर पर रिकॉर्ड अच्छा है, सजा में नरमी बरतें: प्रज्वल
अदालत को संबोधित करते हुए दोषी प्रज्वल ने कहा कि एक सांसद के रूप में उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है और उनके खिलाफ आरोप चुनावों के दौरान ही सामने आए. खुद को इंजीनियरिंग का एक मेधावी छात्र बताते हुए, प्रज्वल ने कहा कि राजनीति में उनकी उन्नति और पतन बहुत जल्दी हुआ, इसलिए उन्होंने सजा में नरमी बरतने की मांग की.
दो बार रेप करने के बाद फिर कोशिश की
मृदुला (बदला हुआ नाम) नामक महिला हासन ज़िले के गन्निकाडा में रेवन्ना परिवार के खेत में काम करने वाली एक खेतिहर मज़दूर थी. उसके साथ दो बार फार्महाउस में और एक बार बेंगलुरु के बसवनगुडी इलाके में स्थित उसके पारिवारिक आवास पर यौन उत्पीड़न हुआ था. मृदुला ने मीडिया को बताया था कि प्रज्वल ने उसके साथ फिर से बलात्कार करने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बंद न करने के कारण वह बच निकली.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


