मुंबई में कल अनंत चतुर्दशी के अवसर पर होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं. संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी ने जानकारी दी कि इस वर्ष लगभग 6500 सामुदायिक मंडलों के गणपति और 1.5 लाख से अधिक घरों के गणपति विसर्जित किए जाएंगे.
सुरक्षा-व्यवस्था के लिए 15,000 पुलिसकर्मी तैनात
सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई पुलिस ने 10 अतिरिक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी, 40 डीसीपी, 3000 इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी और करीब 15,000 पुलिसकर्मी तैनात किए हैं. इसके साथ ही 14 कंपनियां एसआरपीएफ, 4 कंपनियां सीएपीएफ, दंगा नियंत्रण की तीन विशेष टीमें, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और बम निरोधक दस्ते (BDDS) भी तैनात रहेंगे.
शहर भर में 10,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा 65 प्राकृतिक स्थलों और 205 तालाबों पर बैरिकेडिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और लाइफगार्ड्स की व्यवस्था की गई है.
एआई तकनीक का किया जाएगा इस्तेमाल
महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वर्दी और सादी वेशभूषा में महिला पुलिसकर्मियों को विसर्जन स्थलों और मार्गों पर तैनात किया जाएगा. भीड़ पर नजर रखने के लिए एआई तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा.
नागरिकों की सहायता के लिए पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 सक्रिय रहेगा. पुलिस ने दो निषेधाज्ञाएं भी जारी की हैं—पहली, विसर्जित मूर्तियों की फोटोग्राफी कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने पर रोक और दूसरी, प्रतिबंधित क्षेत्रों में ड्रोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध.
मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार शांति, उत्साह और आपसी सद्भावना के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें.
ये भी पढ़ें: Teachers Day: पीएम मोदी ने शिक्षक दिवस की दीं शुभकामनाएं, बोले-उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं टीचर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



