Gangotri Dham Kapaat Closing
Gangotri Dham Kapaat Closing 2026: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम के कपाट आज अन्नकूट पर्व के अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ मंदिर के कपाट बंद होंगे. इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए मुखबा गांव की ओर रवाना होगी. अगले छह महीने तक श्रद्धालु मुखबा में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे.
कपाट बंद होने की तैयारियां पूरी
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि गंगोत्री धाम में कपाट बंद होने के समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. अन्नकूट पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी. कपाट बंद होने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
मार्कंडेय मंदिर में होगा रात्रि विश्राम
पंच मंदिर समिति के संयोजक सतीश सेमवाल ने बताया कि कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की पालकी मार्कंडेय अन्नपूर्णा मंदिर में रात्रिकालीन विश्राम करेगी. इसके बाद भाई दूज के दिन पालकी मुखबा स्थित मां गंगा के शीतकालीन निवास पहुंचेगी. यहां अगले छह महीने तक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे.
भाई दूज पर केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट भी बंद
चारधाम यात्रा के समापन की धार्मिक परंपराओं के तहत भाई दूज के अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद रहेंगे. वहीं, बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे. इसके साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का इस वर्ष का मुख्य चरण संपन्न हो जाएगा.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



