Bharat Express DD Free Dish

गया में स्कुली बच्चों ने संभाला मोर्चा, स्कूल की बदहाली से तंग आकर पहुंचे एसडीएम ऑफिस

Bihar News: गया जिले के टिकारी अनुमंडल में मिडिल स्कूल सिमुआरा के छात्रों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया.

Bihar News: बिहार के गया जिले में छात्रों ने अपनी आवाज बुलंद कर दी है. टिकारी अनुमंडल क्षेत्र के मिडिल स्कूल सिमुआरा के 40 से ज्यादा छात्र-छात्राएं मंगलवार को सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गए. स्कूल की बदहाल स्थिति से नाराज बच्चों ने नारे लगाए और प्रशासन से जवाब मांगा. मामला गंभीर होते देख एसडीएम ने तुरंत जांच समिति बना दी और चार दिन में समाधान का आदेश दिया.

सड़क पर उतरे बच्चे

सिमुआरा मिडिल स्कूल के छात्रों ने स्कूल की अव्यवस्था से तंग आकर प्रशासन तक पहुंचने का फैसला किया. हाथों में आवेदन और मन में उम्मीद लिए ये बच्चे टिकारी अनुमंडल कार्यालय पहुंचे. बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने से वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.

एसडीएम से मिलने की जिद

उस समय एसडीएम प्रवीण कुंदन बाहर गए हुए थे. छात्रों की शिकायत सुनने के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी रंजीत कुमार सिंह पहुंचे, लेकिन बच्चे एसडीएम से सीधे मिलने की मांग पर अड़े रहे. बाद में गुरारू से लौटकर एसडीएम ने खुद छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं.

सुविधाओं की कमी पर नाराजगी

छात्रों ने बताया कि स्कूल में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब है, हैंडपंप खराब पड़ा है, शौचालयों की सफाई नहीं होती और खेल सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जाती. बच्चों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ, इसलिए उन्हें प्रशासन तक आना पड़ा.

जांच समिति और चार दिन की मोहलत

मामले को गंभीर मानते हुए एसडीएम ने स्कूल के प्रधानाध्यापक को चार दिनों में सभी समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया. साथ ही तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई गई जिसमें कार्यपालक दंडाधिकारी रंजीत कुमार सिंह, टिकारी बीडीओ योगेंद्र पासवान और एडीएसओ चंदन कुमार शामिल हैं. समिति अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

ये भी पढ़ें-नौटंकी करो, भगवान राम का अपमान नहीं! राहुल गांधी के साथ मिलकर पप्पू यादव ने ये क्या कर दिया?

एसडीएम ने क्या कहा?

एसडीएम प्रवीण कुंदन ने कहा कि छात्रों की शिकायतें सुनने के बाद स्कूल प्रधानाध्यापक को चार दिन में सुधार करने का आदेश दिया गया है. साथ ही जांच समिति गठित कर अनियमितताओं की पड़ताल की जाएगी. रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई होगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read