Goa Nightclub Fire: गोवा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में 6 दिसंबर की रात लगी आग में 25 लोगों की जान गई थी. इस घटना के बाद से प्रशासन और सरकार लगातार क्लब मालिकों पर कार्रवाई कर रही है. क्लब की दूसरी प्रॉपर्टी को बुलडोजर से गिरा दिया गया है और अब मालिकों के पासपोर्ट रद्द करने की तैयारी चल रही है.
लूथरा ब्रदर्स का पासपोर्ट सस्पेंड
गोवा पुलिस की पहल पर क्लब मालिक सौरभ और गौरव लूथरा के पासपोर्ट फिलहाल सस्पेंड कर दिए गए हैं. विदेश मंत्रालय को गोवा सरकार ने पासपोर्ट रद्द करने का प्रस्ताव भेजा है. मंत्रालय भारत के पासपोर्ट एक्ट के तहत इस रिक्वेस्ट की जांच कर रहा है. शुरुआती कदम के तौर पर पासपोर्ट सस्पेंड किए गए हैं अगला कदम रद्द करना हो सकता है.
आग के बाद विदेश जाने की कोशिश
जांच में सामने आया है कि आग लगने के तुरंत बाद क्लब मालिकों ने देश छोड़ने की तैयारी शुरू कर दी थी. 7 दिसंबर की सुबह करीब एक बजे उन्होंने फुकेट के लिए टिकट बुक किया था. हालांकि कोर्ट में उनके वकील ने कहा कि यह यात्रा बिजनेस मीटिंग के लिए थी और वे असली मालिक नहीं बल्कि सिर्फ लाइसेंसधारी हैं.
कोर्ट ने सुरक्षा देने से किया इनकार
दिल्ली की एक कोर्ट ने लूथरा ब्रदर्स को गिरफ्तारी से कोई अंतरिम सुरक्षा देने से इनकार कर दिया. वहीं उनके पार्टनर अजय गुप्ता को आग की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया है. अजय दिल्ली का रहने वाला है और उसे 36 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया है.
अब तक कितनी गिरफ्तारियां?
इस मामले में अब तक कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें क्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और कर्मचारी भरत कोहली शामिल हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
