Bharat Express DD Free Dish

श्री मुक्तसर साहिब में गोल्डी बराड़ के माता-पिता गिरफ्तार, रंगदारी और धमकी का मामला

पंजाब पुलिस ने श्री मुक्तसर साहिब में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) के माता-पिता को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी रंगदारी और जान से मारने की धमकी से जुड़े केस में हुई है.

पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले से एक बड़ी कार्रवाई की खबर आई है. पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी रंगदारी और जान से मारने की धमकी से जुड़े एक पुराने केस में हुई है. मामला थाना सदर, श्री मुक्तसर साहिब में दर्ज एफआईआर (FIR) से जुड़ा है, जो दिसंबर 2024 में दर्ज की गई थी.

पुलिस का क्या कहना है?

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम शमशेर सिंह और उनकी पत्नी प्रीतपाल कौर हैं. दोनों आदेश नगर, कोटकपूरा रोड, श्री मुक्तसर साहिब के निवासी हैं. इस केस में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(1) और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है. इस मामले के शिकायतकर्ता सतनाम सिंह हैं, जो गांव उदेकरन के रहने वाले हैं और शिक्षा विभाग में लंबे समय से कार्यरत हैं. वर्तमान में वे सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बठिंडा रोड, श्री मुक्तसर साहिब में एसएलए के पद पर तैनात हैं.

शिकायतकर्ता का क्या कहना है?

सतनाम सिंह ने पुलिस को बताया कि 27 नवंबर 2024 को सुबह करीब साढ़े दस बजे उन्हें एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर से कॉल आई. कॉल करने वाले ने खुद को बंबीहा ग्रुप का सदस्य बताया और उनसे 50 लाख रुपये की मांग की. धमकी दी गई कि रकम न देने पर उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा. कॉलर ने उनके घर और परिवार की पूरी जानकारी होने का दावा भी किया.

एक दिन में तीन धमकी भरा कॉल

सतनाम सिंह के अनुसार, उसी दिन उन्हें तीन और धमकी भरे कॉल आए. डर के कारण उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया. 3 दिसंबर को फिर उसी नंबर से कॉल आई, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया. लगातार धमकियों से वे मानसिक रूप से परेशान हो गए. इसके बाद उन्होंने अपने भाई गुरसेवक सिंह से चर्चा की और थाना सदर जाकर पुलिस को पूरी घटना बताई. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया.

ये भी पढ़ें-UGC के नए नियमों पर क्यों मचा बवाल? सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक पूरा विवाद समझिए

SSP का क्या कहना है?

श्री मुक्तसर साहिब के एसएसपी ने बताया कि गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) के माता-पिता को अमृतसर से पकड़ा गया है. वे दरबार साहिब के पास एक होटल में ठहरे हुए थे. उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा. एसएसपी ने कहा कि जब यह एफआईआर दर्ज हुई थी, उस समय बंबीहा गैंग और गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) एक साथ काम कर रहे थे. उनके माता-पिता भी इसमें शामिल पाए गए हैं क्योंकि उनकी आय का कोई स्थायी साधन नहीं है और वे फिरौती के पैसों पर निर्भर रहते हैं. एसएसपी ने यह भी बताया कि गोल्डी बराड़ के पिता पहले नौकरी से बर्खास्त हो चुके हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read