देश में बढ़ती ईंधन खपत और वैश्विक संकट के बीच अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर सरकारी दफ्तरों तक दिखाई देने लगा है. दिल्ली स्थित आयकर भवन में तैनात जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर नरेंद्र यादव ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसकी इन दिनों काफी चर्चा हो रही है. उन्होंने अपनी लग्जरी कार को किनारे रख दिया है और अब रोजाना साइकिल से दफ्तर पहुंच रहे हैं.
नरेंद्र यादव का कहना है कि यह सिर्फ पेट्रोल-डीजल बचाने का मामला नहीं है, बल्कि देश के भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का सवाल भी है. उनके मुताबिक, जब दुनिया ईंधन संकट और सप्लाई चेन जैसी चुनौतियों से जूझ रही हो, तब हर नागरिक को यह सोचना चाहिए कि वह देश के लिए क्या योगदान दे सकता है.
उन्होंने कहा कि अक्सर लोग सोचते हैं कि छोटे कदमों से क्या फर्क पड़ेगा, लेकिन असल बदलाव हमेशा छोटी कोशिशों से ही शुरू होता है. अगर लाखों लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में थोड़ी-सी सावधानी बरतें, तो उसका असर देश की अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और समाज तीनों पर दिखाई देगा.
सिर्फ सरकारी अधिकारी ही नहीं, बल्कि फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़े होने के कारण नरेंद्र यादव लंबे समय से लोगों को फिट और सक्रिय रहने के लिए भी प्रेरित करते रहे हैं. उनका मानना है कि साइकिल सिर्फ एक सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल साधन नहीं है, बल्कि यह शरीर को स्वस्थ रखने का भी आसान तरीका है. उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी दूरी के लिए बाइक या कार निकालने के बजाय साइकिल का इस्तेमाल करना चाहिए.
युवाओं की सोच से आएगा बड़ा बदलाव
युवाओं को लेकर भी उन्होंने खास संदेश दिया. यादव ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश का युवा जिम्मेदारी के साथ आगे आएगा. उनके मुताबिक, आज की युवा पीढ़ी फिटनेस, पर्यावरण और देशहित जैसे मुद्दों को गंभीरता से समझ रही है और यही आने वाले समय में बड़ा बदलाव ला सकती है.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील को केवल राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए. ईंधन बचाने की पहल का सीधा फायदा देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों को होगा. उनका मानना है कि अगर लोग धीरे-धीरे अपनी आदतों में बदलाव लाएं, तो यह एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है.
यह भी पढ़ें: प्रतीक यादव के साथ बेडरूम में रात 2 बजे क्या हुआ? जिम पार्टनर का वो दावा जिसने पलट डाली अस्पताल की थ्योरी
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





