Bharat Express DD Free Dish

गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई: BSF और IAF की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में हेल्थ वर्कर गिरफ्तार

गुजरात ATS ने कच्छ जिले के हेल्थ वर्कर साहदेव सिंह गोहिल को पाकिस्तान को BSF और IAF की संवेदनशील जानकारी भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया है. जांच में पाक एजेंट ‘आदिति भारद्वाज’ से उनके संपर्क का खुलासा हुआ है.

पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोपी सहदेव सिंह गोहिल.

Pakistani Spy Arrested in Ahmedabad: गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्छ जिले में कार्यरत मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर साहदेव सिंह गोहिल को गिरफ्तार किया है. उन पर भारत की सुरक्षा एजेंसियों—BSF (सीमा सुरक्षा बल) और IAF (भारतीय वायु सेना)—से जुड़ी संवेदनशील जानकारियाँ पाकिस्तान भेजने का आरोप है.

गुजरात ATS के एसपी के. सिद्धार्थ के अनुसार, ATS को इनपुट मिला था कि साहदेव सिंह गोहिल पाकिस्तान के एक एजेंट को BSF और IAF से जुड़ी जानकारी भेज रहे हैं. प्रारंभिक जांच के लिए 1 मई को उन्हें बुलाया गया, जिसके बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हुए.

जांच में सामने आया कि जून-जुलाई 2023 में गोहिल की व्हाट्सएप के माध्यम से एक लड़की ‘आदिति भारद्वाज’ से पहचान हुई, जो बाद में पाकिस्तानी एजेंट निकली. उसने गोहिल से BSF और IAF के निर्माणाधीन या हाल ही में बने ठिकानों की तस्वीरें और वीडियो मांगे, जिन्हें गोहिल ने व्हाट्सएप के जरिए साझा किया.

2025 की शुरुआत में गोहिल ने अपने आधार कार्ड से एक नया सिम कार्ड खरीदा और उस पर आदिति भारद्वाज के लिए व्हाट्सएप सक्रिय किया. इस नंबर पर लगातार संवेदनशील सामग्री भेजी जाती रही. इस काम के बदले गोहिल को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा 40,000 रुपये नकद भी दिए गए.

ATS ने गोहिल का मोबाइल जब्त कर उसे फॉरेंसिक लैब (FSL) भेजा है. जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि आदिति भारद्वाज के नाम से संचालित व्हाट्सएप नंबर पाकिस्तान से ऑपरेट हो रहे थे.

साहदेव सिंह गोहिल और पाकिस्तानी एजेंट आदिति भारद्वाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 और 148 के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल साहदेव सिंह गोहिल को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: Bihar: बक्सर में अपराधियों ने एक ही परिवार के 5 लोगों को मारी गोली, तीन की मौत

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read