Bharat Express DD Free Dish

‘तब कुछ किया नहीं, अब…’, हामिद अंसारी पर क्यों भड़क गए बीजेपी नेता जफर इस्लाम?

बकरीद से पहले पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने वाले बयान पर राजनीति तेज हो गई है.

रिपोर्ट- राजीव


बकरीद से पहले देश में गाय को लेकर राजनीति फिर गर्मा गई है. इस बार चर्चा के केंद्र में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी हैं, जिनके बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी नेता जफर इस्लाम ने हामिद अंसारी के बयान को लेकर सवाल उठाए और कहा कि इस तरह के मुद्दों पर अब बयान देना सिर्फ बेवजह विवाद खड़ा करने जैसा है.

दरअसल, हामिद अंसारी ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की बात कही थी. बकरीद से पहले आया उनका यह बयान सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बना हुआ है. बीजेपी का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर बयान देते समय समाज के माहौल का भी ध्यान रखना चाहिए.

जफर इस्लाम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब हामिद अंसारी देश के उपराष्ट्रपति जैसे बड़े पद पर थे, तब उन्होंने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया. अब जब वे सत्ता में नहीं हैं, तो इस तरह की बातें करना लोगों को भ्रमित करने जैसा लगता है. उन्होंने कहा कि देश को जोड़ने वाली राजनीति की जरूरत है, ना कि ऐसे बयान जिनसे समाज में बहस और तनाव बढ़े.

बकरीद पर कानून और नियमों के पालन की सलाह

बीजेपी नेता ने आगे कहा कि नेताओं की जिम्मेदारी लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने की होनी चाहिए. उनके मुताबिक, त्योहारों के समय खास तौर पर ऐसी भाषा और सोच अपनानी चाहिए जिससे सामाजिक सौहार्द बना रहे. उन्होंने बकरीद को लेकर भी अपील की और कहा कि लोग कानून और नियमों का पालन करें. जिन पशुओं की कुर्बानी पर रोक है, उनकी कुर्बानी न दी जाए. साथ ही उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए.

जफर इस्लाम ने इस मौके पर कर्नाटक की राजनीति पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी को जनता की चिंता कम और सत्ता की चिंता ज्यादा है. उनके अनुसार बीजेपी में एक साधारण कार्यकर्ता भी मेहनत के दम पर बड़े पद तक पहुंच सकता है, जबकि कांग्रेस में ऐसा माहौल नहीं दिखता.

उन्होंने कहा कि बीजेपी संगठन और कार्यकर्ताओं को महत्व देती है, जबकि कांग्रेस सिर्फ सत्ता की राजनीति में उलझी रहती है. जफर इस्लाम ने दावा किया कि बीजेपी का फोकस जनता की भलाई पर है, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ देखता है.

ये भी पढ़ें: बदलेगा कर्नाटक का निजाम! सिद्धारमैया-डीके शिवकुमार के 3 समीकरण, क्या कांग्रेस में लगेगी तीसरे की लॉटरी?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read