Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

राज्यसभा उपचुनाव: बीजेपी ने हरदीप सिंह पुरी पर लगाया दांव, मध्य प्रदेश से बनाया उम्मीदवार

बीजेपी ने मध्य प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार घोषित किया है. यह सीट एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जिस पर 12 नवंबर को उपचुनाव होगा.

BJP places its bet on Hardeep Singh Puri

हरदीप सिंह पुरी पर बीजेपी ने लगाया दांव

भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है. पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मैदान में उतारने का फैसला किया है. प्रदेश में राज्यसभा की सिर्फ एक सीट खाली है, जिसके लिए 12 नवंबर को मतदान कराया जाएगा. वहीं, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर निर्धारित की गई है.

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट

यह उपचुनाव उस सीट पर कराया जा रहा है जो पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी. निर्वाचन आयोग ने हाल ही में इस सीट पर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया था. मुरुगन ने 14 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता और केंद्रीय मंत्रिपरिषद, दोनों से इस्तीफा दे दिया था. उनका मौजूदा कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक चलना था, लेकिन उससे पहले पद छोड़ने के कारण यह सीट खाली हो गई.

मुख्यमंत्री निवास पर हुई अहम बैठक

उम्मीदवार के चयन को लेकर बीजेपी ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक बुलाई थी. इस बैठक के बाद राज्य बीजेपी की कोर कमेटी की चर्चा में हरदीप सिंह पुरी के नाम पर अंतिम सहमति बनी. उम्मीदवार तय करने से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न संभावित नामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया.

हेमंत खंडेलवाल ने दी थी जानकारी

मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैठक के बाद बताया था कि राज्यसभा की रिक्त सीट के लिए उम्मीदवार चयन पर कोर कमेटी में चर्चा हुई. उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों से जुड़े संभावित दावेदारों के नाम भी विचार के लिए रखे गए थे. सूत्रों के मुताबिक, कुल चार से पांच नामों पर गंभीर मंथन किया गया था.

कई नेताओं के नाम चर्चा में थे

राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से इस बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं कि बीजेपी प्रदेश के किसी वरिष्ठ नेता को राज्यसभा भेज सकती है. संभावित नामों में पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य, अरविंद सिंह भदौरिया और रंजना बघेल शामिल थे. इसके अलावा पूर्व राज्यसभा सदस्य सुमेर सिंह सोलंकी और सिंगरौली के पूर्व विधायक अमर सिंह के नाम भी चर्चा में बने हुए थे.

ये भी पढ़ें-ग्वालियर GRP के हत्थे चढ़ा शातिर ट्रेन चोर! पास से मिले 8.26 लाख के 34 बैग, तरीका जानकर उड़ जाएंगे होश

राष्ट्रीय स्तर के नेताओं पर भी था मंथन

प्रदेश के नेताओं के अलावा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और तमिलनाडु की पूर्व विधायक तथा बीजेपी महिला मोर्चा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन के नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में बताए जा रहे थे. तमाम चर्चाओं और बैठकों के बाद आखिरकार बीजेपी नेतृत्व ने हरदीप सिंह पुरी के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी और उन्हें राज्यसभा उपचुनाव के लिए पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital