Urdu Conclave 2026

बंगाल और असम के बाद हरियाणा में भी खिला कमल! BJP की बंपर जीत पर पीएम मोदी ने कुछ यूं जताया आभार

हरियाणा नगर निकाय चुनाव 2026 में बीजेपी ने अंबाला, सोनीपत, पंचकूला समेत कई अहम सीटों पर बड़ी जीत दर्ज की. सांपला जैसे हुड्डा परिवार के गढ़ में भी कमल खिलने के बाद पीएम मोदी ने जनता का आभार जताया…

बंगाल और असम के बाद अब हरियाणा की धरती पर भी भारतीय जनता पार्टी ने अपनी जीत का परचम लहराया है. दरअसल बुधवार को आए हरियाणा नगर निकाय चुनावों के परिणामों ने साफ कर दिया कि राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है.

बता दें कि भाजपा ने अंबाला, सोनीपत और पंचकूला जैसे अहम नगर निगमों के साथ-साथ कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले सांपला में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. इसको (Haryana Municipal Elections) लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट कर जनता का आभार जताया है.

पीएम मोदी ने जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस शानदार जीत के बाद हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि यह विजय भाजपा-राजग सरकार की विकासपरक नीतियों और सुशासन में जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है. पीएम ने राज्य के कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन किया, जिन्होंने इस जीत को मुमकिन बनाने में कड़ी मेहनत की.

 

हुड्डा के गढ़ सांपला में BJP का जलवा(Haryana Municipal Elections)

इस चुनाव का सबसे चौंकाने वाला परिणाम सांपला से आया, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का अभेद्य किला माना जाता था. यहां भाजपा के प्रवीण ने निर्दलीय उम्मीदवार को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि अब लोगों का हुड्डा और कांग्रेस के ‘झूठ’ से भरोसा उठ चुका है और कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब हो गया है.

निगमों में भाजपा का दबदबा

भाजपा ने तीनों प्रमुख नगर निगमों में अपना कब्जा बरकरार रखा है:

पंचकूला: भाजपा के श्यामलाल बंसल ने कांग्रेस की सुधा भारद्वाज को 36,252 के भारी अंतर से हराया. यहां 20 वार्डों में से 17 पर भाजपा ने कब्जा किया.

सोनीपत: राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दीवान को 23,247 मतों से शिकस्त दी.

अंबाला: अक्षिता सैनी ने कांग्रेस उम्मीदवार को 21,358 वोटों से मात दी.

उकलाना में 23 साल की छात्रा ने रचा इतिहास

जहां एक तरफ भाजपा का दबदबा रहा, वहीं उकलाना में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला. यहां भाजपा की निकिता गोयल को एक 23 वर्षीय निर्दलीय छात्रा रीमा सोनी ने 2,806 मतों से हरा दिया. स्नातक की पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहीं रीमा ने अपनी सादगी और जनता के सीधे जुड़ाव से यह जीत हासिल की है.

कांग्रेस और विपक्ष का सूपड़ा साफ

नगर निकाय चुनाव (Haryana Municipal Elections) में भाजपा ने जहां ‘विकास’ को मुद्दा बनाया, वहीं कांग्रेस का ‘स्वच्छता और भ्रष्टाचार’ का दांव उलटा पड़ गया. इनेलो और आम आदमी पार्टी जैसी पार्टियों ने भी कई वार्डों में हाथ आजमाया, लेकिन वे एक भी सीट जीतने में नाकाम रहीं. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने कहा कि सांपला और रेवाड़ी जैसे इलाकों में जीत यह दर्शाती है कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read