Bharat Express DD Free Dish

‘अयोध्या, काशी और मथुरा…’, ज्योति मल्होत्रा ने इन धार्मिक स्थलों पर भी बनाए वीडियो, जानिए किससे मिली, कहां-कहां गई?

YouTuber Jyoti Malhotra: हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. वह अयोध्या, वाराणसी, मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों पर बार-बार जाकर वीडियो बनाती थी. NIA, IB और हरियाणा पुलिस कर रही हैं जांच..

YouTuber Jyoti Malhotra

YouTuber Jyoti Malhotra: हरियाणा की एक यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और वह इस समय राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और हरियाणा पुलिस की संयुक्त जांच के घेरे में है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कई महीनों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर घूम-घूम कर वीडियो बना रही थी और इन्हें अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड कर रही थी.

कई बार उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर गई

ज्योति की यात्रा केवल एक बार की नहीं थी. वह अयोध्या, वाराणसी, मथुरा, वृंदावन और प्रयागराज जैसे धार्मिक स्थलों पर कई बार गई. खास बात यह है कि महाकुंभ के दौरान भी वह प्रयागराज पहुंची थी. उसके बनाए वीडियो में इन जगहों की न केवल धार्मिक भव्यता दिखाई गई है, बल्कि वहां की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की गतिविधियां भी विस्तार से दर्शाई गई हैं.

जैसे ही अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों के वीडियो उसके यूट्यूब चैनल पर नजर आए, खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गईं. अब हर वीडियो को संदिग्ध नजर से देखा जा रहा है. एजेंसियों का मानना है कि इन वीडियोज के जरिए वह महत्वपूर्ण सूचनाएं लीक कर रही थी.

झूठ और छिपाई गई सच्चाई

पूछताछ के दौरान ज्योति सच्चाई छिपा रही है और जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रही है. उसने पहले पाकिस्तानी खुफिया एजेंट दानिश से अपने संबंधों को नकारा, लेकिन जांच में यह सामने आया कि वह दानिश से संपर्क में थी. फोन की जांच में पता चला कि उसने दानिश से हुई दो बार की चैट को डिलीट कर दिया था.

एजेंसियों को संदेह है कि इन चैट्स में गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान और निर्देशों की जानकारी हो सकती है. अब उसके दो मोबाइल फोन और लैपटॉप को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि डिलीट किए गए डेटा को रिकवर किया जा सके.

YouTuber Jyoti Malhotra

ओडिशा कनेक्शन भी आया सामने

जांच में ज्योति का पुरी (ओडिशा) कनेक्शन भी सामने आया है. वह जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क और चिल्का झील का दौरा कर चुकी है. साथ ही उसका संपर्क पुरी की एक स्थानीय महिला यूट्यूबर से था. ओडिशा के कानून मंत्री ने कहा है कि यदि किसी राज्यवासी की इसमें भूमिका पाई गई, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी.

पुरी की महिला यूट्यूबर ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा है कि उनकी ज्योति से केवल यूट्यूब के माध्यम से पहचान हुई थी और वह किसी भी जांच में पूर्ण सहयोग देने को तैयार हैं.

यूपी में किससे मिली? क्या मकसद था?

सूत्रों की मानें तो ज्योति अकेले नहीं, बल्कि कई बार अपनी सहेलियों के साथ धार्मिक यात्राओं पर गई थी. वृंदावन में एक युवक से उसके संपर्क में होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी तलाश में सेना की खुफिया टीम भी वृंदावन पहुंच चुकी है. पुलिस पता लगाने में जुटी है कि ज्योति किन-किन लोगों से मिली, कहां-कहां गई, और इन वीडियो बनाने के पीछे उसका मुख्य उद्देश्य क्या था?

वाराणसी में 6 बार आई

ज्योति के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किए गए वीडियोज में वह गंगा नदी में नाव की सवारी करते हुए दिखाई दे रही है. पिछले छह महीनों में वह तीन बार वाराणसी आई थी. वह काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा घाटों के वीडियोज भी बना चुकी है. जांच में सामने आया है कि वह पिछले पांच साल में छह बार वाराणसी आ चुकी है.

गंगा में नाव की सवारी भी की

उसके इंस्टाग्राम अकाउंट ‘Travelwithjo1’ को अब सस्पेंड कर दिया गया है. 9 दिसंबर 2024 को उसने यूट्यूब पर वाराणसी यात्रा का वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वह दिल्ली से बस के जरिए वाराणसी पहुंची थी.

15 मई 2025 को, ज्योति को हरियाणा के हिसार जिले में उसके घर से गिरफ्तार किया गया था. उसके खिलाफ हिसार के सिविल लाइन थाना में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का मामला दर्ज है. जैसे ही इस बात की पुष्टि हुई कि वह बार-बार धार्मिक स्थलों पर गई और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थी, पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां अलर्ट हो गईं.

ये भी पढ़ें: Bihar News: पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चूहों का आतंक, मरीज की पांचों पैर की उंगलियां कुतरीं

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read