रिपोर्ट- राजीव तिवारी, दिल्ली
असम में हाल की बाढ़ ने कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित किया है. अब राज्य सरकार का फोकस सिर्फ तत्काल राहत पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई, प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और लोगों की रोज़ी-रोटी को दोबारा पटरी पर लाने पर भी है. इसी सिलसिले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की.
कर्तव्य भवन में हुई इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को असम में चल रहे बाढ़ राहत अभियान की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी. बातचीत में खास तौर पर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन, प्रभावित इलाकों में पुनर्वास और जरूरी ढांचों को दोबारा खड़ा करने की तैयारियों पर चर्चा हुई.
सरमा ने बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि निर्मला सीतारमण हमेशा असम के हितों और राज्य की उम्मीदों की मजबूत समर्थक रही हैं. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने वित्त मंत्री के सामने बाढ़ से प्रभावित लोगों की मौजूदा स्थिति और राज्य सरकार की आगे की तैयारियों को विस्तार से रखा.
It is always a pleasure to meet Hon’ble Finance Minister Smt @nsitharaman Ji, who has consistently been a strong champion of Assam’s interests and aspirations.
Today, I briefed her on the #AssamFloodResponse, including the ongoing damage assessment and our roadmap to rebuild… pic.twitter.com/r7IcSTyrST
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) August 21, 2026
नुकसान का आकलन और पुनर्निर्माण पर फोकस
बाढ़ का पानी उतरने के बाद असम के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रभावित परिवारों को सामान्य जिंदगी में वापस लाने की है. इसके लिए सरकार नुकसान का आकलन कर रही है, ताकि जरूरत के हिसाब से राहत और पुनर्निर्माण का काम आगे बढ़ाया जा सके.
मुख्यमंत्री ने बैठक में अगले चरण की योजना भी साझा की. इसमें बाढ़ प्रभावित परिवारों की आजीविका दोबारा शुरू कराने और उन्हें जरूरी मदद उपलब्ध कराने पर जोर है. यानी सरकार की कोशिश है कि राहत के साथ-साथ लोगों को लंबे समय के लिए आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया जाए.
केंद्र ने दिया सहयोग का भरोसा
हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक, निर्मला सीतारमण ने असम की चिंताओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना है. उन्होंने राज्य की जरूरतों को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया और भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार असम के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी.
मुख्यमंत्री ने इसके लिए वित्त मंत्री का आभार जताया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बाढ़ से प्रभावित हर परिवार को दोबारा अपनी जिंदगी खड़ी करने में मदद करना है और इस काम में केंद्र का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा.
मुख्यमंत्री की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब असम सरकार बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर रही है. शिवसागर, चराईदेव और जोरहाट जैसे प्रभावित जिलों में पुनर्वास और पुनर्निर्माण के काम पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

