हरियाणा के हिसार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों (PIOs) के संपर्क में रहने और संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उसे पांच दिन की रिमांड पर लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है.
हिसार के एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि ज्योति मल्होत्रा लगातार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में थी और उसे ‘एसेट’ के रूप में डेवलप किया जा रहा था. वह कई अन्य यूट्यूब इन्फ्लुएंसर्स के भी संपर्क में थी, जो खुद भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे.
‘एसेट’ के रूप में किया जा रहा था तैयार
हिसार एसपी शशांक कुमार सावन ने कहना है कि, “आधुनिक जंग सिर्फ बॉर्डर पर नहीं, अब सोशल मीडिया के ज़रिए भी लड़ी जा रही है. PIOs कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को टारगेट कर रहे हैं और उनका इस्तेमाल अपने एजेंडे को बढ़ाने में कर रहे हैं.”
पुलिस के अनुसार, ज्योति मल्होत्रा पाकिस्तान की कई यात्राएं कर चुकी है, जिनमें से कुछ ट्रिप कथित रूप से प्रायोजित थीं. इसके अलावा वह एक बार चीन भी जा चुकी है. पुलिस का कहना है कि इन यात्राओं की प्रकृति, उसकी आमदनी से मेल नहीं खा रही, जिससे संदेह और गहरा हो गया है.
पुलिस को शक है कि ज्योति ने भारत-पाक संघर्ष की संवेदनशील अवधि के दौरान भी पाकिस्तानी एजेंसियों से संपर्क बनाए रखा था. अधिकारियों ने बताया कि वह पहलगाम हमले से ठीक पहले पाकिस्तान में मौजूद थी और अब जांच की जा रही है कि कहीं इस घटना से कोई सीधा या परोक्ष संबंध तो नहीं है.
विदेश यात्राएं बनीं शक की वजह
एसपी सावन ने जानकारी की, “हम उसके फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स, सोशल मीडिया कम्युनिकेशन और डिजिटल डिवाइसेज़ की बारीकी से जांच कर रहे हैं. हमें यह भी इनपुट मिले हैं कि इस नेटवर्क में और लोग भी शामिल हो सकते हैं.”
फिलहाल पुलिस ने उसके मोबाइल फोन, लैपटॉप और बैंकिंग दस्तावेज़ जब्त कर लिए हैं. उसके सोशल मीडिया हैंडल्स की मॉनिटरिंग की जा रही है. जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि उसने किन-किन भारतीय यूज़र्स या प्लेटफॉर्म्स से संपर्क किया और किस प्रकार की सूचनाएं साझा कीं.
यह गिरफ्तारी इस बात की चेतावनी है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग किस हद तक राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है. पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी हैं. यह मामला अभी जांच के अधीन है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, हम आपको अपडेट करते रहेंगे.
ये भी पढ़ें: अशोका विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी को लेकर गिरफ्तार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

