Amit Shah Speech in Bihar: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की, वहीं उन्होंने राजद (राष्ट्रीय जनता दल) और लालू यादव पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि लालू यादव ने चारा घोटाले के जरिए बिहार को बदनाम किया. केंद्रीय मंत्री ने राजद के शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि यह शासनकाल हमेशा जंगलराज के रूप में याद किया जाएगा.
Gopalganj, Bihar: Union Home Minister Amit Shah says, “Lalu Prasad Ji did only one thing—he set up his own family. Today, both of Lalu’s sons are preparing to become Chief Ministers of Bihar. One daughter is a Rajya Sabha MP, another was made to contest the Lok Sabha elections.… pic.twitter.com/BzHnCh44bE
— IANS (@ians_india) March 30, 2025
पटना में सहकारिता विभाग का समारोह
इससे पहले पटना के बापू सभागार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिलकर सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित एक समारोह का उद्घाटन किया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास और उद्घाटन किया. समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधान सभा अध्यक्ष विजय सिन्हा भी उपस्थित रहे.
गरीबों के लिए किए गए कार्यों का जिक्र
अमित शाह ने इस अवसर पर राजद के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव और उनके दल ने गरीबों के लिए कुछ भी नहीं किया. उन्होंने कहा, “एनडीए सरकार ने गरीबों के लिए राशन, घर, बिजली, रसोई गैस, दवाई और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं दीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के लिए काम किया.” केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार ने चार करोड़ लोगों को आवास, 11 करोड़ से ज्यादा लोगों को गैस सिलेंडर, और 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाए.
प्रधानमंत्री मोदी का सहकारिता को प्रोत्साहन
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहकारिता क्षेत्र में की गई योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “मोदी सरकार ने 75 सालों में पहली बार सहकारिता मंत्रालय को बल दिया. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसान और महिला उद्यमियों को बड़ा फायदा होगा.” उन्होंने बिहार की उपजाऊ ज़मीन और जल संसाधनों का जिक्र करते हुए कहा कि सहकारिता क्षेत्र का सबसे बड़ा फायदा बिहार को मिलेगा.
बिहार में चीनी मिलों का बंद होना और एनडीए का वादा
केंद्रीय मंत्री ने बिहार में चीनी मिलों के बंद होने की ओर इशारा करते हुए कहा कि लालू यादव के शासनकाल में सभी चीनी मिलें बंद हो गईं, जिससे राज्य का चीनी उत्पादन 30 प्रतिशत से घटकर केवल 6 प्रतिशत रह गया. उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए सरकार बनने पर बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू किया जाएगा.
एनडीए सरकार की अपील
अमित शाह ने बिहारवासियों से अपील करते हुए कहा, “जब भी लालू यादव की सरकार आई, बिहार नीचे गया. और जब भी एनडीए की सरकार बनी, बिहार आगे बढ़ा. इसलिए 2025 में बिहार में एनडीए की सरकार बनाइए और भारत सरकार को बिहार में काम करने का मौका दीजिए.” उन्होंने बिहार को पूरे देश के लिए मार्गदर्शक बताया और कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
इसे भी पढ़ें- कौन हैं हनुमानकाइंड, जिनका पीएम मोदी ने ‘Mann Ki Baat’ में किया जिक्र, आखिर क्या है उनके गाने ‘Run It Up’ में खास?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





