Bharat Express DD Free Dish

झारखंड के चाईबासा में IED ब्लास्ट, तीन CRPF जवान घायल

झारखंड के चाईबासा में नक्सल प्रभावित इलाके में IED ब्लास्ट हुआ, जिसमें CRPF के तीन जवान घायल हो गए. सुरक्षाबलों ने इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

IED blast in Chaibasa

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में नक्सल प्रभावित इलाके में बड़ा हमला हुआ है. यहां IED ब्लास्ट (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) में CRPF के तीन जवान घायल हो गए हैं. यह धमाका उस समय हुआ जब सुरक्षा बल क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे थे. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया.

घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है

ब्लास्ट में घायल जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है. चाईबासा के एसपी ने जानकारी दी है कि घायलों को तुरंत एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है, जहां उन्हें उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. फिलहाल डॉक्टरों की टीम जवानों के इलाज में जुटी हुई है.

नक्सलियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन जारी

सूत्रों के अनुसार, यह हमला नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए बिछाए गए आईईडी विस्फोटक के कारण हुआ है. चाईबासा और पश्चिमी सिंहभूम के जंगलों में नक्सलियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा बलों ने बड़े स्तर पर ऑपरेशन शुरू किया था. इसी दौरान यह विस्फोट हुआ.

इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई, बड़े सर्च ऑपरेशन की तैयारी

हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. CRPF और झारखंड पुलिस की टीम इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और इस हमले के पीछे की रणनीति को समझने में जुटी हुई हैं. अभी तक किसी नक्सली संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. इस घटना को लेकर और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है.


ये भी पढ़ें- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ पर हाई कोर्ट का फैसला, हस्तक्षेप याचिका पर सुनवाई नहीं होगी


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read